आगरा। ताज ट्रिपेजियम जोन (टीटीजेड) में प्रतिबंधित कोयले और लकड़ी जैसे ईंधन का इस्तेमाल कर तंदूर व भट्ठियां चलाने वाले होटल, रेस्टोरेंट और कैफे नगर निगम के निशाने पर हैं। बुधवार को नगर निगम की टीम ने फतेहाबाद रोड पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान सात प्रतिष्ठानों में कोयले से संचालित तंदूर और भट्ठियां जलती मिलीं। टीम ने सभी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 81 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। सबसे अधिक 20 हजार रुपये का जुर्माना रोमियो लाइन कैफे पर लगाया गया। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि टीटीजेड के नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ताजमहल और उसके आसपास के पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने के लिए टीटीजेड क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाले ईंधन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद शहर के कई होटल, रेस्टोरेंट, कैफे और ढाबों में कोयले की भट्ठियां और तंदूर संचालित किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसे देखते हुए नगर निगम की टीम लगातार ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है। नगर निगम अधिकारियों के साथ टास्क फोर्स की टीम ने फतेहाबाद रोड स्थित कई प्रतिष्ठानों का औचक छापेमारी की। इसके बाद होटल व रेंस्तरा संचालकों में खलबली मच गई।
जांच के दौरान उड़ता पंजाब रेस्टोरेंट में कोयले का तंदूर चलता मिलने पर आठ हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। बीकानेरवाला पर 10 हजार रुपये, पिरामिड रेस्टोरेंट पर 15 हजार रुपये, जिमबोरा क्लब पर 10 हजार रुपये और मैकडॉनल्ड्स पर आठ हजार रुपये का जुर्माना किया गया। वहीं टू सेंट बार कैफे पर 10 हजार रुपये और रोमियो लाइन कैफे पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस तरह सातों प्रतिष्ठानों से कुल 81 हजार रुपये की जुर्माना राशि वसूली गई।
नगर निगम की कार्रवाई के दौरान टीम ने प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल किए जा रहे ईंधन की भी जांच की। अधिकारियों के मुताबिक जिन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई हुई, वहां प्रतिबंधित कोयले से तंदूर या भट्ठी संचालित होती मिली। नगर निगम के अधिकारी योगेंद्र कुमार कुशवाहा ने बताया कि प्रतिबंधित कोयले से चलने वाले तंदूर और भट्ठियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि होटल, रेस्टोरेंट, कैफे और अन्य प्रतिष्ठानों को टीटीजेड के नियमों का पालन करना होगा। प्रतिबंधित ईंधन का इस्तेमाल करते पाए जाने पर जुर्माना लगाने के साथ नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
अभियान के दौरान नगर निगम के अधिकारी, जोनल स्वच्छता अधिकारी (जेडएसओ), टास्क फोर्स के जवान और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम की इस कार्रवाई से फतेहाबाद रोड के होटल-रेस्टोरेंट संचालकों में खलबली मची रही। अधिकारियों ने साफ किया कि नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों की औचक जांच आगे भी की जाएगी।
