आगरा। पीएम पोषण योजना के तहत आगरा में कार्यरत 5,600 रसोइयों के लिए सरकार ने स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले किए हैं। रसोइयों को अब पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने के लिए चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए हैं। इसके साथ ही उनके मासिक मानदेय में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे अब कुल मानदेय 3,000 रुपये प्रतिमाह हो गया है। ड्रेस और साड़ी के लिए मिलने वाली राशि भी 500 से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दी गई है। दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा देने के लिए दो लाख रुपये तक के दुर्घटना बीमा की व्यवस्था भी की गई है। इससे रसोइयों और उनके परिवारों को इलाज के खर्च तथा घरेलू आर्थिक जरूरतों में सीधी राहत मिलने की उम्मीद है।

होली पब्लिक स्कूल, सिकंदरा में रविवार को पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित और माल्यार्पण के साथ हुई। आगरा जिले में 5,600 रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड दिए गए। प्रत्येक कार्ड के माध्यम से संबंधित रसोइये को पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
कार्यक्रम में प्रत्येक विकासखंड से एक-एक रसोइये को सम्मानित किया गया। उन्हें कैशलेस चिकित्सा कार्ड के साथ मानदेय में हुई वृद्धि का प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किया गया। इस पहल से जिले में पीएम पोषण योजना से जुड़े रसोइयों को स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी मिलेगी।
इलाज के खर्च की चिंता होगी कम
कैशलेस चिकित्सा कार्ड मिलने से रसोइयों को गंभीर बीमारी या इलाज की जरूरत पड़ने पर अस्पताल के खर्च की चिंता कुछ हद तक कम हो सकेगी। पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उनके लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। खासकर सीमित आय वाले परिवारों में अचानक होने वाला इलाज का खर्च घरेलू बजट पर भारी पड़ता है। ऐसी स्थिति में यह सुविधा परिवार की आर्थिक स्थिति को संभालने में मदद कर सकती है।

सरकार की ओर से रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने के लिए दो लाख रुपये तक के दुर्घटना बीमा की व्यवस्था भी की गई है। इसके लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साथ एमओयू का आदान-प्रदान किया गया। दुर्घटना की स्थिति में यह बीमा रसोइयों और उनके परिवारों के लिए आर्थिक सहारा उपलब्ध कराने में मदद करेगा।
अब हर महीने तीन हजार रुपये मिलेगा मानदेय
रसोइयों के लिए आर्थिक स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। उनके मानदेय में 1,000 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि की गई है। इसके बाद उनका कुल मासिक मानदेय 3,000 रुपये हो गया है। बढ़ा हुआ मानदेय परिवार के नियमित खर्चों को पूरा करने में मददगार होगा।

इसके अलावा रसोइयों को ड्रेस या साड़ी के लिए दी जाने वाली राशि को भी बढ़ाया गया है। पहले इसके लिए 500 रुपये दिए जाते थे, जिसे अब बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दिया गया है। इससे उन्हें ड्रेस संबंधी खर्च के लिए पहले की तुलना में अतिरिक्त राशि मिलेगी।
रसोइयों के योगदान को मिला सम्मान
कार्यक्रम में पीएम पोषण योजना में रसोइयों की भूमिका को भी रेखांकित किया गया। विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। सरकार की नई सुविधाओं में स्वास्थ्य सुरक्षा, मानदेय वृद्धि और दुर्घटना बीमा को शामिल किए जाने से उनके काम को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, शिक्षकों और रसोइयों ने लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर सभागार से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना। इसी कार्यक्रम के माध्यम से रसोइयों के सम्मान और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण की शुरुआत की गई।
बच्चों के पोषण के साथ रसोइयों का प्रशिक्षण भी बढ़ेगा
रसोइयों की कार्यक्षमता और पोषण संबंधी जानकारी बढ़ाने के लिए आगे किचेन गार्डन और पाक कला प्रतियोगिता शुरू करने की योजना है। इसके अलावा पोषण संबंधी विषयों पर पोषण फिल्म के माध्यम से रसोइयों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
किचेन गार्डन के माध्यम से विद्यालय स्तर पर पौष्टिक खाद्य पदार्थों और उनके उपयोग की जानकारी को बढ़ावा देने का प्रयास होगा। वहीं पाक कला प्रतियोगिता से रसोइयों को भोजन तैयार करने के बेहतर तरीकों को साझा करने और सीखने का अवसर मिलेगा। पोषण फिल्मों के माध्यम से बच्चों के भोजन, पोषण और स्वास्थ्य से जुड़े विषयों की जानकारी सरल तरीके से दी जाएगी।
प्रदेश में 3.54 लाख रसोइयों को मिलेगा लाभ
प्रदेश स्तर पर पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत 3.54 लाख रसोइयों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इनमें लगभग 93 प्रतिशत महिलाएं हैं। सरकार ने बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के बाद अब पीएम पोषण योजना से जुड़े रसोइयों को भी पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा के दायरे में शामिल किया है।
प्रदेश के सभी पात्र रसोइयों के लिए कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण की शुरुआत की गई है। इसके साथ ही मानदेय में 1,000 रुपये की वृद्धि, ड्रेस और साड़ी की राशि में बढ़ोतरी तथा दो लाख रुपये तक के दुर्घटना बीमा की व्यवस्था की गई है। किचेन गार्डन, पाक कला प्रतियोगिता और पोषण फिल्म के माध्यम से प्रशिक्षण जैसी पहल भी प्रदेशभर में लागू की जाएंगी।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
आगरा के कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. मंजू भदौरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह और बीएसए राकेश कुमार सिंह कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी नगर सुमित कुमार, डीसी बालिका कुलदीप कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में रसोइये और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय फतेहपुर सीकरी की छात्राओं ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।

