फतेहाबाद। नीट-यूजी 2026 में ऑल इंडिया 146वीं रैंक और ईडब्ल्यूएस श्रेणी में छठी रैंक हासिल करने वाले पिनाहट निवासी आदित्य समाधिया का फतेहाबाद में भव्य स्वागत किया गया। प्रथम प्रयास में 720 में से 687 अंक प्राप्त कर एम्स दिल्ली के लिए चयनित आदित्य की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पमालाओं और मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया।
नीट-यूजी 2026 में ऑल इंडिया 146वीं रैंक तथा ईडब्ल्यूएस श्रेणी में छठी रैंक प्राप्त करने वाले पिनाहट निवासी आदित्य समाधिया का सोमवार को फतेहाबाद आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। कस्बे के सरकारी बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और ढोल-नगाड़ों, पुष्पमालाओं तथा मिठाई खिलाकर उनकी ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाया।
आदित्य समाधिया, पिनाहट निवासी संदेश समाधिया के पुत्र हैं। उन्होंने नीट-यूजी 2026 में प्रथम प्रयास में ही 720 में से 687 अंक प्राप्त कर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे आगरा जिले का नाम भी रोशन हुआ है।
नीट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन के बाद आदित्य का चयन देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान एम्स, नई दिल्ली के लिए हुआ है। उनकी सफलता से क्षेत्र के विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम बताते हुए कहा कि आदित्य की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
स्वागत समारोह के दौरान संजय शर्मा, धर्मवीर शर्मा, अखिलेश, रामेंद्र शर्मा, पवन करसौलिया, देवकीनंदन शर्मा, अनिल शर्मा, मोनू समाधिया, मोहित शर्मा, अमन कुमार, अरुण शर्मा, नितिन, रोहित, प्रशांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने आदित्य को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी सफलता पर गर्व व्यक्त किया।

