• Wed. Jun 3rd, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Fatehabad News : बारिश से किसानों मूंग की फसल बर्बाद होने पर भाकियू ने सौंपा ज्ञापन, मुआवजे की मांग

BKU Chaudhary Charan Singh leaders and farmers submitting a memorandum in Fatehabad demanding compensation for rain-damaged moong crops.फतेहाबाद क्षेत्र में बारिश से किसानों की बर्बाद हुई फसल को लेकर ज्ञापन देते भाकियू पदाधिकारी
Spread the love

फतेहाबाद। तहसील फतेहाबाद क्षेत्र में हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश और जलभराव से किसानों की मूंग की फसल बर्बाद हो गई। प्रभावित किसानों के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह के पदाधिकारियों ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया और उपजिलाधिकारी के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की।

तहसील फतेहाबाद क्षेत्र में विगत दिनों हुई मूसलाधार बारिश से खेतों में हुए भीषण जलभराव के कारण किसानों की मूंग की फसल बुरी तरह प्रभावित हो गई है। कई स्थानों पर खेतों में खड़ी तथा कटी हुई मूंग की फसल पानी में डूबने से सड़ गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। प्रभावित किसानों के समर्थन में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह के पदाधिकारियों और किसानों ने तहसील फतेहाबाद पहुंचकर प्रदर्शन किया तथा उपजिलाधिकारी के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर मुआवजे की मांग की।

भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह के जिला प्रवक्ता प्रदीप सिंह के नेतृत्व में किसान और संगठन के पदाधिकारी तहसील परिसर पहुंचे। उन्होंने तहसीलदार बबलेश कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश के कारण क्षेत्र के अनेक गांवों में खेतों में जलभराव हो गया। उस समय किसानों की मूंग की फसल पक चुकी थी और कटाई का कार्य भी चल रहा था। अचानक हुई तेज बारिश के चलते खेतों में कटी हुई फसल पानी में डूब गई। कई दिनों तक पानी भरा रहने के कारण फसल सड़कर पूरी तरह नष्ट हो गई।

ज्ञापन में कहा गया कि किसानों ने खाद, बीज, सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों पर अपनी पूंजी लगाई थी। फसल तैयार होने के बाद नुकसान होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों की मेहनत और निवेश दोनों पर पानी फिर गया है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हुई है।

किसान नेताओं ने मांग की कि राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम बनाकर प्रभावित गांवों का तत्काल सर्वे कराया जाए। जिन किसानों की फसल को 33 प्रतिशत या उससे अधिक नुकसान हुआ है, उन्हें शासन की नीति के अनुसार शीघ्र मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही किसानों के कृषि ऋण की वसूली पर तत्काल रोक लगाने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दावों का त्वरित निस्तारण करने तथा जलभराव वाले खेतों से पानी निकलवाने की भी मांग उठाई गई।

इस दौरान प्रदीप सिंह, तहसील अध्यक्ष बीरी सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष श्रीचंद वर्मा, सत्य नारायण वर्मा, बलवीर सिंह, नीरज पचौरी, बिजेंद्र चौहान, जितेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *