आगरा। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर इस वर्ष भी राजपुर चुंगी और शमशाबाद मार्ग शौर्य, साहस, स्वाभिमान, सामाजिक एकता और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा। महाराणा प्रताप शोभायात्रा आयोजन समिति, राजपुर चुंगी, शमशाबाद रोड द्वारा 9 मई, शनिवार को शाम 4 बजे विभव नगर स्थित चौधरी गार्डन से टीवी टावर के सामने जीएल फार्म हाउस तक एक विशाल और भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर शहरभर में उत्साह का माहौल है और समिति के पदाधिकारी दिन-रात तैयारियों में जुटे हैं। संजय प्लेस स्थित आहार रेस्टोरेंट में आयोजित कार्यक्रम में आकर्षक आमंत्रण पत्र जारी कर शहरवासियों को शोभायात्रा में शामिल होने का आत्मीय निमंत्रण दिया गया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष युवराज सिंह परिहार ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि महापुरुष किसी एक जाति, वर्ग या समाज तक सीमित नहीं होते, बल्कि उनके त्याग और बलिदान पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन स्वाभिमान, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है, जो आज भी समाज को एकजुट रहने और देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को और अधिक मजबूती मिलती है।
संरक्षक पप्पू राघव ने जानकारी दी कि शोभायात्रा में बैंड-बाजों, तोपों, घोड़ों और ऊंटों के साथ कुल 21 आकर्षक झांकियां शामिल होंगी, जो महाराणा प्रताप के शौर्यगाथा और भारतीय संस्कृति के विभिन्न आयामों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगी। इन झांकियों के माध्यम से समाज में साहस, श्रद्धा, सद्भाव और एकता का संदेश प्रसारित किया जाएगा। शोभायात्रा का मार्ग विभव नगर से प्रारंभ होकर राजपुर चुंगी, राजेश्वर मंदिर, सौ फुटा रोड सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा, जहां जगह-जगह स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और व्यापारिक संगठनों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।
संस्थापक-संरक्षक धनवीर सिंह तोमर ने बताया कि इस आयोजन में न केवल आगरा शहर बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और तहसीलों से भी क्षत्रिय समाज के लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह शोभायात्रा केवल एक परंपरा नहीं बल्कि समाज की एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बन चुकी है, जिसमें हर वर्ष लोगों की भागीदारी बढ़ती जा रही है।
संरक्षक चंद्रभान तोमर और देवेंद्र धाकरे ने बताया कि शोभायात्रा में कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और गणमान्य अतिथि भी शामिल होंगे। इनमें पूर्व कैबिनेट मंत्री अरिदमन सिंह, पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह, अवागढ़ के युवराज अंबरीश पाल सिंह, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, पूर्व विधायक और भाजपा प्रदेश महामंत्री राम प्रताप चौहान, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, महिला आयोग अध्यक्ष बबीता चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, फुफुक्टा अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान, पीली कोठी के दिनेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक विजयपाल सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया और कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष प्रदीप भाटी सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहेंगे।
आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह में ब्रजमोहन तोमर, विजय सिंह तोमर, हरिशंकर जसावत, महेंद्र सिंह रघुवंशी, वीरेंद्र रघुवंशी, प्रदीप सिकरवार, ललित रघुवंशी, डॉ. राकेश सिकरवार, अशोक भदौरिया, थान सिंह, चोब सिंह, गजेंद्र परिहार, विक्रम सिंह, राजेश तोमर, राजवीर सिंह, सोमवीर, जसवंत, रवीन्द्र, हेमंत, लाल सिंह और पृथ्वी पाल सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गजेंद्र परमार ने किया।
आयोजन समिति का मानना है कि महाराणा प्रताप की जयंती केवल एक ऐतिहासिक अवसर नहीं बल्कि नई पीढ़ी को देशभक्ति, स्वाभिमान और बलिदान की भावना से जोड़ने का माध्यम है। यही कारण है कि हर वर्ष इस शोभायात्रा को और अधिक भव्य और व्यापक स्वरूप देने का प्रयास किया जाता है, ताकि समाज के सभी वर्ग इसमें सहभागी बनकर राष्ट्रीय एकता और सद्भाव का संदेश आगे बढ़ा सकें।

