आगरा। ताजनगरी आगरा को जल्द ही आधुनिक सिविल एयरपोर्ट की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। निर्माणाधीन सिविल टर्मिनल परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी मनीष बंसल ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को तेजी से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 30 नवंबर तक हर हाल में परियोजना पूर्ण कर एयरपोर्ट जनता को समर्पित किया जाना चाहिए। वर्तमान में परियोजना का लगभग 65 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन मुख्य टर्मिनल भवन, रनवे, ले-आउट प्लान तथा संपूर्ण परियोजना क्षेत्र का गहन अवलोकन किया। अधिकारियों ने उन्हें प्रोजेक्ट की मौजूदा स्थिति और निर्माण प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि बाउंड्री वॉल का कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है, जबकि रनवे निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है और जल्द पूरा कर लिया जाएगा। वहीं मुख्य टर्मिनल भवन के निर्माण कार्य में भी तेजी लाई गई है।

परियोजना अधिकारियों ने जानकारी दी कि शुरुआती चरण में बेसमेंट निर्माण कार्य समयसाध्य रहा, लेकिन अब संसाधनों और श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर तेजी से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था और कॉन्ट्रैक्टर से श्रमिकों की संख्या, मशीनरी और निर्माण की दैनिक प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

करीब 441.79 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा आगरा सिविल एयरपोर्ट प्रोजेक्ट 144.07 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। यह परियोजना आगरा की एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति देने का काम करेगी। परियोजना के तहत 33845 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में आधुनिक टर्मिनल भवन बनाया जा रहा है। इसके अलावा 16810 वर्ग मीटर क्षेत्र में 400 वाहनों की क्षमता वाली मल्टीलेवल पार्किंग और 200 कारों की क्षमता वाली सरफेस पार्किंग का निर्माण भी प्रस्तावित है।
परियोजना में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक व्यवस्थाएं शामिल की गई हैं। एयरपोर्ट में 19 चेक-इन काउंटर, 12 ई-चेक-इन काउंटर, 6 सिक्योरिटी काउंटर, 3 फुल बॉडी स्कैनर और 3 एरोब्रिज की सुविधा होगी। इसके साथ ही यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए 6 एस्केलेटर और 12 एलिवेटर लगाए जाएंगे। एयरपोर्ट परिसर में 33 इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए परियोजना में 500 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट भी लगाया जाएगा। इसके अलावा ग्राउंड वाटर रिचार्ज सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। एयरपोर्ट पर डिजी यात्रा प्रणाली के तहत 22 आधुनिक डिवाइस लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को तेज और स्मार्ट यात्रा अनुभव मिल सकेगा। टर्मिनल भवन से सीधे विमान तक पहुंचने की बोर्डिंग सुविधा भी उपलब्ध होगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एयरपोर्ट परिसर के भीतर आने वाले छह पेड़ों को हटाने के संबंध में वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय नियमों और मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने एयरपोर्ट परिसर के भीतर से धनौली और अन्य गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का भी निरीक्षण किया। ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए जल्द वैकल्पिक संपर्क मार्ग विकसित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने खेरिया मोड़ से सिविल टर्मिनल तक जाने वाली सड़क के विकास और सौंदर्यीकरण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने आगरा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को बुलाकर प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी ली और जल्द विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट तक पहुंचने वाला मार्ग शहर की पहली छवि प्रस्तुत करेगा, इसलिए इसे आधुनिक और आकर्षक स्वरूप में विकसित किया जाए।

बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से बचने के लिए जिलाधिकारी ने जल निकासी व्यवस्था की भी विशेष समीक्षा की। उन्होंने एसटीपी, ड्रेनेज सिस्टम और वर्षा जल प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी की स्थायी और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

परियोजना के कार्यों में तेजी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए जिलाधिकारी ने एडीए, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, नगर निगम, सेतु निगम, एयरपोर्ट अथॉरिटी और सिंचाई विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक बुलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि एयरपोर्ट परियोजना समय पर पूरी हो सके।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि आगरा सिविल एयरपोर्ट परियोजना शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इससे पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। बेहतर एयर कनेक्टिविटी मिलने से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी और ताजनगरी की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप वर्मा, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के विवेक कुमार शर्मा, प्रोजेक्ट प्रभारी अनूप चंद श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
