- वाजिदपुर पुल के नीचे यमुना नदी में हुआ हादसा, सुबह का मामला।
- बीमार वृद्धा रोज की तरह टहलने निकली थी, नहाते समय हुआ हादसा।
- पीएसी गोताखोरों की मदद से यमुना में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी।
फतेहाबाद। थाना डौकी अंतर्गत वाजिदपुर पुल के नीचे मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब यमुना नदी में नहाने गई एक 65 वर्षीय वृद्ध महिला का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गई। महिला की पहचान गांव पैतीखेड़ा निवासी कमला देवी के रूप में हुई है, जो लंबे समय से बीमार चल रही थीं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और पीएसी के गोताखोरों की मदद से यमुना में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

पूरा मामला मंगलवार सुबह का है, जब गांव पैतीखेड़ा निवासी कोमल सिंह की मां कमला देवी रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकली थीं। परिजनों के अनुसार, वह करीब 65 वर्ष की थीं और लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। रोजाना की दिनचर्या के अनुसार वह सुबह साढ़े पांच बजे घर से निकली थीं। बताया जाता है कि वह वाजिदपुर पुल के नीचे यमुना नदी के किनारे पहुंचीं और वहां उन्होंने अपने कपड़े और चप्पल किनारे रखकर नदी में नहाने का प्रयास किया। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी की ओर बह गईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों को कुछ देर तक इसकी जानकारी नहीं हुई। सुबह करीब साढ़े सात बजे जब परिजन उन्हें खोजते हुए मौके पर पहुंचे, तो किनारे पर उनकी साड़ी और चप्पल पड़ी मिलीं। इसके बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना डौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार प्रमोद कुमार भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तत्काल पीएसी की गोताखोर टीम को बुलाया और यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। गोताखोर लगातार नदी के अलग-अलग हिस्सों में महिला की तलाश कर रहे हैं, लेकिन पानी का बहाव और गहराई सर्च ऑपरेशन में बाधा बन रही है।
स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि यह क्षेत्र यमुना नदी का काफी गहरा हिस्सा माना जाता है और यहां पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे सावधानी बरतने की अपील की है।
थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला नहाते समय पैर फिसलने से डूबने का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि पीएसी की गोताखोर टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि महिला को जल्द से जल्द खोज लिया जाए।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। लोग लगातार यमुना किनारे जमा हैं और सर्च ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि तलाश में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और पूरी टीम लगातार काम कर रही है।

