हर व्यक्ति में ईश्वर का वास, पीड़ितों की सेवा ही सच्ची मानव सेवा: डॉ. प्रशांत गुप्ता
वृद्धाश्रम में लगा निःशुल्क चिकित्सा शिविर
90 जरूरतमंदों को वितरित किए गए चश्मे
सृजन फाउंडेशन की पहल से बुजुर्गों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
आगरा। आगरा के सिकंदरा स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में सृजन फाउंडेशन द्वारा आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 220 बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और 90 जरूरतमंदों को चश्मे वितरित किए गए। शिविर में सामान्य, नेत्र और दंत रोगों की जांच के साथ दवाओं का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने सेवा को ही सच्ची मानवता बताया।
आगरा के सिकंदरा स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में सृजन फाउंडेशन के तत्वावधान में एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य वृद्धाश्रम में निवास कर रहे बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में सामान्य चिकित्सा, नेत्र और दंत रोगों की जांच की गई तथा आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य से बुजुर्गों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ नजर आई।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर हेमलता दिवाकर, एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता, डॉ. बी.के. सिंह, डॉ. श्रुति सिन्हा, वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. राजीव बंसल और जितेंद्र फौजदार ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि हेमलता दिवाकर ने सृजन फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वृद्धाश्रम में इस प्रकार के चिकित्सा शिविर आयोजित करना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने समाज से अपील की कि बच्चों को ऐसे संस्कार दिए जाएं कि वे अपने माता-पिता को वृद्धाश्रम भेजने के बारे में सोचें भी नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग अपने परिजनों को यहां छोड़ते हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि एक दिन वे भी वृद्ध होंगे।्र

एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में ईश्वर का वास होता है और गरीब, पीड़ित तथा अशिक्षित लोगों की सेवा ही सच्ची मानव सेवा है। डॉ. बी.के. सिंह ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे असहाय बुजुर्गों की सेवा के लिए आगे आना चाहिए, यही सच्ची ईश्वर भक्ति है। वहीं, वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. राजीव बंसल ने गुरु गोविंद सिंह के जीवन का उदाहरण देते हुए त्याग और सेवा की भावना अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्था की अध्यक्ष अदिति कात्यायन ने कहा कि समाज के कमजोर, पीड़ित और वंचित वर्ग को अपना ईश्वर मानकर उनकी सेवा करना ही जीवन का सर्वोच्च उद्देश्य होना चाहिए। विशिष्ट अतिथि डॉ. श्रुति सिन्हा ने कहा कि समाज सेवा का वास्तविक अर्थ उन्हीं लोगों की सहायता करना है, जो अशक्त, पीड़ित और उपेक्षित हैं, और सृजन फाउंडेशन इसी भावना के साथ कार्य कर रहा है।
शिविर में एस.एन. मेडिकल कॉलेज से आए चिकित्सकों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में डॉ. अर्पित गुप्ता, डॉ. विशाल बैंसला, डॉ. अनुज सुब्बा और डॉ. अक्षिता शर्मा ने नेत्र, दंत और सामान्य रोगों की जांच की। शिविर के दौरान कुल 220 बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 90 जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। उल्लेखनीय है कि रामलाल वृद्धाश्रम में कुल 395 बुजुर्ग निवास करते हैं।
कार्यक्रम में वृद्धाश्रम के प्रबंधक शिवप्रसाद शर्मा के साथ आनंद राय, चतुर्भुज तिवारी, सिंह चौधरी, डॉ. पवन शर्मा, हिमानी चतुर्वेदी, राकेश अवस्थी, मुकेश वर्मा, रश्मि त्रिपाठी, विष्णु कटारा, पार्षद अनुज शर्मा, डॉ. अमन सक्सेना, तूलिका दास सक्सेना, शाहतोष गौतम और प्रियंका गौतम सहित कई समाजसेवी उपस्थित रहे।
विशेष रूप से इंडोनेशिया से आई आईना ने इस चिकित्सा शिविर की सराहना करते हुए भारतीय सेवा परंपरा और मानवीय मूल्यों की प्रशंसा की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्रुति सिन्हा ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन संस्था की अध्यक्ष अदिति कात्यायन ने किया।

