तहसील में जमीन बेचने के बाद घर लौटते समय वारदात
अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने आंखों में मिर्ची डालकर छीना बैग
सर्विलांस सेल, एसओजी और थाना डौकी समेत 8 टीमें जांच में जुटीं
फतेहाबाद। मिर्ची पाउडर डालकर चाचा-भतीजे से आठ लाख की लूट, खुलासे को 8 टीमें गठित। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में शुक्रवार शाम तहसील से खेत बेचकर बाइक से घर लौट रहे चाचा-भतीजे के साथ बाइक सवार तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर बैग में रखे आठ लाख रुपये लूट लिए और फतेहाबाद-फिरोजाबाद रोड से फिरोजाबाद की तरफ भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है।

गांव पिन्नापुरा निवासी निहाल सिंह पुत्र भगवती प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को तहसील फतेहाबाद में उनके पिता ने करीब पांच बीघा जमीन बेची थी। शुक्रवार शाम वह अपने चाचा बच्चू सिंह के साथ बाइक से आठ लाख रुपये बैग में रखकर घर लौट रहे थे। शाम करीब 5:15 बजे जब वे गांव से करीब एक किलोमीटर पहले पहुंचे, तभी पीछे से अपाचे बाइक पर सवार तीन युवक आए और उन्होंने अपनी बाइक उनकी बाइक के सामने लगा दी। इसके बाद बदमाशों ने निहाल सिंह की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया, जिससे उनकी बाइक सड़क किनारे गिर गई।

इसी दौरान बदमाश चाचा बच्चू सिंह के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीनकर फतेहाबाद-फिरोजाबाद रोड से फिरोजाबाद की तरफ भाग गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पीड़ित का कहना है कि इसके बाद उन्होंने फिरोजाबाद रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए और घटना की जानकारी करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई। पीड़ित के बड़े भाई कालीचरन ने बताया कि जब वे तहसील में रुपये गिन रहे थे, तब तीन अज्ञात लोग उन्हें देखकर हंस रहे थे। आशंका है कि उन्हीं लोगों ने तहसील से उनकी रेकी की और घटना को अंजाम दिया।
देर रात घटना की जानकारी मिलने पर एडिशनल सीपी रामबदन, डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
एसीपी फतेहाबाद अनिल कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस सेल, एसओजी, थाना डौकी सहित 8 टीमों को लगाया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

