फतेहाबाद। ससुराल से घर लौटते समय हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय सिपाही केशव देव यादव की मौत हो गई। हादसा फिरोजाबाद जनपद के थाना नारखी क्षेत्र के गौंदई के पास तड़के करीब 3 बजकर 15 मिनट पर हुआ जब तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही कार ने उनकी बुलेट मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

सिपाही को सलामी देती फतेहाबाद पुलिस

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सिपाही के ऊपर से गुजर गई। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने गंभीर रूप से घायल केशव देव को अस्पताल भिजवाया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घर पर विलाप करती महिलाएं

केशव देव यादव पुत्र तान सिंह निवासी गांव अहीरपुरा थाना फतेहाबाद वर्ष 2018 बैच के सिपाही थे और वर्तमान में अलीगढ़ जनपद के थाना शासनी में तैनात थे। वह एटा जनपद के काजीपुर बढ़नपुरा में साले की शादी समारोह में शामिल होकर ससुराल से अपने गांव लौट रहे थे। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही उनका शव गांव अहीरपुरा पहुंचा तो परिजनों में चीख पुकार मच गई और पूरा गांव शोक में डूब गया।
![]() |
| मृतक सिपाही केशव देव फाइल फोटो |
शाम करीब 2 बजे पुलिस की गार्ड ऑफ ऑनर सलामी के साथ राजकीय सम्मान में उनका अंतिम संस्कार किया गया। वर्ष 2020 में उनका विवाह रचना देवी के साथ हुआ था। उनके परिवार में दो वर्षीय पुत्र देवांश और छह माह की बेटी है। छह भाइयों में वह पांचवें नंबर पर थे। सबसे छोटे भाई भारत यादव असम में भारतीय सेना में तैनात हैं। पत्नी रचना देवी और मां राजेंद्री का रो रोकर बुरा हाल रहा और वे बार बार बेहोश होती रहीं जिन्हें महिलाएं पानी डालकर होश में ला रही थी। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
#KeshavDevYadav #UPPolice #RoadAccident #FirozabadNews #Fatehabad #ShasniPolice #StateHonours #BreakingNews #UPNews #PoliceMartyr

