फतेहाबाद। थाना डौकी क्षेत्र के गेहनूं गांव स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में मंगलवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग सातवीं मंजिल पर स्थित चैंबर में रखे थर्माकॉल और वारदाना में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। करीब साढ़े छह घंटे की कड़ी मशक्कत और चार फायर ब्रिगेड गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। इस हादसे में लगभग 30 से 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
बमरौली कटारा निवासी कोल्ड स्टोरेज स्वामी अमर सिंह राणा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कर्मचारी कोल्ड स्टोरेज की छत पर बिजली लाइन की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे सातवीं मंजिल पर रखे थर्माकॉल में आग लग गई। शुरुआत में किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी, लेकिन करीब आधे घंटे बाद कोल्ड स्टोरेज से घना धुआं निकलता दिखाई दिया, तब कर्मचारियों को आग लगने का पता चला।
आग की सूचना मिलते ही कर्मचारियों ने तत्काल ट्यूबवेल चालू कर पानी के माध्यम से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक थर्माकॉल और वारदाना में आग पूरी तरह फैल चुकी थी। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती गई और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही फतेहाबाद फायर स्टेशन से फायरकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, चैंबर में भरे घने धुएं के कारण दमकल कर्मियों को अंदर जाने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा। धुएं के कारण कई फायरकर्मियों का दम घुटने लगा, जिसके चलते आगरा से तीन अतिरिक्त फायर ब्रिगेड गाड़ियों को बुलाया गया। कुल चार गाड़ियों और लगभग तीस फायर ब्रिगेड कर्मियों की टीम ने मोर्चा संभाला।
दमकल कर्मियों ने अपनी सीढ़ियां लगाकर छत तक पहुंच बनाई और विशेष उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। फायर स्टेशन ऑफिसर आगरा सोमनाथ सोनकर ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में थर्माकॉल और वारदाना में भीषण आग लगी थी। शुरुआत में धुएं के कारण आग पर काबू पाने में दिक्कत आई, लेकिन बाद में स्मोक एडजेस्टर और ब्रीदिंग सेट की सहायता से टीम ने अंदर प्रवेश कर आग पर नियंत्रण पाया। लगातार साढ़े छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझाई जा सकी।
कोल्ड स्टोरेज स्वामी अमर सिंह राणा के अनुसार, आग लगने से वारदाना सहित करीब 30 से 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना के समय कोई कर्मचारी अंदर फंसा नहीं था, जिससे जनहानि टल गई। हालांकि, आग की तपिश और धुएं के कारण चैंबर और अन्य हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
#FatehabadFire #AgraNews #ColdStorageFire #ShortCircuit #FireAccident #AgraFireBrigade #BreakingNews #UttarPradeshNews #IndustrialFire #IndiaNews


.jpeg)

