आगरा। फतेहपुर सीकरी विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय विदरपुर के पांच छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। सेंटर फॉर एनवायरमेंट एजुकेशन (सीईई) द्वारा विप्रो फाउंडेशन के सहयोग से संचालित विप्रो अर्थियन पर्यावरण मित्र कार्यक्रम के तहत चयनित होने पर विद्यालय के पांच छात्र और एक शिक्षिका को बेंगलुरु में सम्मानित किया गया।
विद्यालय की शिक्षिका रिजवाना के मार्गदर्शन में छात्र सुखवीर, सपना, भारती, मयंक और रोहित ने जैव विविधता और सस्टेनेबिलिटी विषय पर प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की थी। यह रिपोर्ट सीईई लखनऊ को भेजी गई, जहां से मूल्यांकन के बाद इसे राष्ट्रीय स्तर पर बेंगलुरु भेजा गया। देशभर से आए करीब दो हजार प्रोजेक्ट्स में से 25 प्रोजेक्ट्स का चयन हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश से आगरा, अलीगढ़ और लखनऊ जनपद के एक-एक विद्यालय के प्रोजेक्ट शामिल रहे।
चयनित छात्रों और मार्गदर्शक शिक्षिका को 28 से 31 जनवरी 2026 तक अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय, बेंगलुरु में आयोजित सम्मान समारोह और कार्यशाला में आमंत्रित किया गया। इस दौरान बच्चों को नि:शुल्क हवाई यात्रा की सुविधा दी गई, जिसका पूरा खर्च विप्रो फाउंडेशन ने वहन किया। सम्मान समारोह में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सीईओ अनुराग बेहर और विप्रो के सस्टेनेबिलिटी व ईएसजी के ग्लोबल हेड तथा विप्रो फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी पी.एस. नारायण की उपस्थिति में छात्रों और शिक्षिका को प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह और पर्यावरण संरक्षण किट प्रदान की गई। इसके साथ ही विद्यालय को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए स्टोरी टेलिंग, पपेट मेकिंग जैसी शैक्षिक कार्यशालाएं आयोजित की गईं। साथ ही उन्हें बेंगलुरु भ्रमण और नेचर स्कूल देखने का अवसर भी मिला, जिससे बच्चों को पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यवहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
शिक्षिका रिजवाना ने बताया कि यह जनपद के लिए गर्व की बात है कि लगातार पांचवीं बार आगरा से परिषदीय विद्यालय का प्रोजेक्ट राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुआ है। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के पीछे प्रोजेक्ट के मास्टर ट्रेनर और डायट प्रवक्ता मनोज कुमार वार्ष्णेय का निरंतर मार्गदर्शन रहा है, जिनके सहयोग से हर वर्ष बच्चों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है। पिछले पांच वर्षों से परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को हवाई यात्रा का अनुभव मिलना उनके सपनों के साकार होने जैसा है।
डायट प्रवक्ता मनोज कुमार वार्ष्णेय ने कहा कि ग्रामीण परिषदीय विद्यालयों के बच्चों का हवाई जहाज में बैठना और राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। बच्चों के सपनों को पूरा करने में माध्यम बनना उनके लिए गर्व का विषय है।
विद्यालय और छात्रों की इस उपलब्धि पर उप शिक्षा निदेशक व डायट प्राचार्य अनिरुद्ध यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड, खंड शिक्षा अधिकारी रंजन गुप्ता, मेंटर रचना यादव, वरिष्ठ कार्यक्रम निदेशक प्रीति आर. कन्नौजिया और प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर जितेंद्र पटेल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों ने बधाई देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
#AgraNews #EducationNews #PrimarySchool #WiproEarthian #EnvironmentalEducation #NationalAchievement #StudentSuccess #UPSchools #SustainabilityProject #BengaluruEvent

