• Tue. Apr 21st, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra Health News: टेड़ी मेड़ी नाक होगी सही, सांस लेने में भी होगी आसानी, सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में सेप्टोराइनोप्लास्टी का सफल लाइव सर्जिकल डेमोंस्ट्रेशन

Spread the love

आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज, आगरा के ईएनटी विभाग में शनिवार को सेप्टोराइनोप्लास्टी की सफल लाइव सर्जिकल डेमोंस्ट्रेशन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का मुख्य विषय था “सेप्टोराइनोप्लास्टी- ईएनटी दृष्टिकोण और एलर्जी”, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नाक की सर्जरी के आधुनिक तरीकों और एलर्जी से संबंधित ज्ञान साझा किया।

सचिव प्रोफेसर डॉ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सेप्टोराइनोप्लास्टी एक ऐसी सर्जरी है, जिसमें नाक के सेप्टम और आकार को ठीक किया जाता है। इससे नाक की आकृति में सुधार होता है और सांस लेने में आसानी होती है। सर्जरी के दौरान, सर्जन नाक के अंदर एक छोटा चीरा लगाकर नाक के सेप्टम और अन्य हिस्सों को ठीक करते हैं। इसके बाद मरीज को कुछ दिनों के लिए आराम करने की सलाह दी जाती है। इस प्रक्रिया से न केवल स्वास्थ्य में सुधार होता है बल्कि आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है।


कार्यक्रम में दिल्ली से डॉ अर्पित अग्रवाल और देहरादून से डॉ शरद हेरनॉट अतिथि सर्जन के रूप में शामिल हुए। आयोजन समिति में प्रोफेसर डॉ रितु गुप्ता (एचओडी), डॉ अखिल प्रताप सिंह, डॉ सलोनी सिंह, डॉ सौम्यता नीरज, डॉ दीपा, डॉ आज़म, डॉ अरमान, डॉ लहरी और डॉ राकेश सक्रिय रूप से शामिल थे। एनेस्थीसिया टीम का नेतृत्व डॉ योगिता द्विवेदी ने किया, जिसमें डॉ अमृता गुप्ता, डॉ दीपिका चौबे, डॉ विनीता लिप्टन, डॉ अखिल, डॉ जयदीप, डॉ आकाश और डॉ हेमंत शामिल रहे।


एओआई आगरा के प्रतिष्ठित सदस्य जैसे डॉ वी पी गुप्ता, डॉ विक्रांत सिंघल, डॉ ए के मिश्रा, डॉ राजत कपूर, डॉ प्रशांत जैन और डॉ बी एस बघेल ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान दो सर्जरी का सफल प्रदर्शन किया गया, जिसे सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से दिखाया गया। इस दौरान बेसिक तकनीकों और न्यूनतम उपकरणों का उपयोग किया गया, जिससे यह सर्जरी आम चिकित्सकों और छात्रों के लिए भी सुलभ बन गई।

लाइव सर्जरी के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय फैकल्टी द्वारा एलर्जी और एंडोस्कोपिक साइनस सर्जरी पर व्याख्यान का सीधा प्रसारण भी किया गया। आगरा के अन्य ईएनटी डॉक्टरों ने भी इस कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी विशेषज्ञता और ज्ञान को बढ़ाया। दोनों मरीजों की स्थिति अच्छी बताई गई और उन्हें वार्ड में कड़ी निगरानी में रखा गया।

प्राचार्य डॉ प्रशांत गुप्ता ने कहा, “सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज का उद्देश्य है कि जटिल और अत्याधुनिक शल्य प्रक्रियाएं सरकारी अस्पताल में ही उपलब्ध कराई जाएं, ताकि समाज के हर वर्ग के लोग गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से प्राप्त कर सकें। ऐसे लाइव सर्जिकल डेमोंस्ट्रेशन न केवल चिकित्सकों के कौशल को बढ़ाते हैं बल्कि चिकित्सा शिक्षा को भी नई दिशा प्रदान करते हैं।”

ईएनटी विभाग का लक्ष्य है कि भविष्य में और भी जटिल ऑपरेशन सरकारी अस्पताल में अधिक बार किए जाएं, जिससे आम जनता को लाभ मिल सके और चिकित्सा क्षेत्र में छात्रों और चिकित्सकों का प्रशिक्षण और अधिक प्रभावी हो।

#Septorhinoplasty #ENTSurgery #LiveSurgery #MedicalCollegeAgra #SarojiniNaiduMedicalCollege #AdvancedSurgery #MedicalEducation #AgraHealthNews #NasalSurgery #PatientCare

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *