• Mon. Mar 2nd, 2026

Today News Track

India #1 News Platform

Fatehabad News : राज चौहान हत्याकांड में शामिल आरोपी साथी सहित पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

Spread the love

 फतेहाबाद। ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी राज चौहान हत्याकांड में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी को उसके साथी समेत बमरौली कटारा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई इस मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।

Police arrest main accused after encounter in Raj Chauhan murder case in Fatehabad

उल्लेखनीय है कि 23 जनवरी को ट्रांस यमुना कॉलोनी में राज चौहान की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के लिए आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और लगातार उनकी तलाश में दबिश दी जा रही थी।

Injured accused Vishnu Pandit arrested after police encounter in Fatehabad

पुलिस के अनुसार गुरुवार देर रात करीब 11:30 बजे बमरौली कटारा पुलिस टीम एत्मादपुर–मदरा अंडरपास के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो एक युवक ने अचानक पुलिस पर फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही आरोपी मदरा रोड पर लड़खड़ाकर गिर पड़ा।

Illegal firearm and cartridges recovered from accused in Raj Chauhan murder case

घायल आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया गया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। मुठभेड़ के दौरान दूसरा आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।

एसीपी फतेहाबाद अनिल कुमार ने बताया कि घायल अवस्था में पकड़ा गया आरोपी विष्णु पंडित उर्फ भुल्ला पुत्र किशन कुमार, निवासी कालिंदी विहार मोती कुंज, थाना ट्रांस यमुना है, जो राज चौहान हत्याकांड में सक्रिय रूप से शामिल था। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

वहीं, गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी की पहचान शिवांश शर्मा पुत्र अजय शर्मा, निवासी नगला किशन लाल, टेढ़ी बगिया के रूप में हुई है। उसके पास से भी एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, अवैध हथियार रखने और पुलिस पर जानलेवा हमला करने सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस टीम आरोपियों से गहन पूछताछ कर हत्याकांड में शामिल अन्य सहयोगियों और साजिश से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से राज चौहान हत्याकांड का बड़ा खुलासा हुआ है और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

#RajChauhanMurderCase #PoliceEncounter #FatehabadNews #AgraCrime #UPPolice #CrimeNews #EncounterNews #BreakingNews #AgraNews #UPCrime

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *