• Tue. Apr 21st, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News : आगरा कॉलेज प्रबंध समिति: फैकल्टी चयन, शोध पीठ स्थापना और सुरक्षा बढ़ाने के प्रस्ताव स्वीकृत

Spread the love

आगरा। मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में आगरा कॉलेज प्रबंध समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में प्रबंध समिति की पूर्व बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई। बीबीए एवं बीसीए स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रम में नियमानुसार गठित शिक्षक चयन समिति द्वारा चयनित शिक्षकों के अनुमोदन को स्वीकृति प्रदान की गई।

Divisional Commissioner and Agra College officials at the management committee meeting discussing faculty and campus development

लगभग एक साल से अनुपस्थित भौतिकी विभाग के शिक्षक आनन्द पाण्डेय के खिलाफ कार्यवाही में जांच अधिकारी और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी की संस्तुति को स्वीकृति देते हुए निर्देश दिए गए कि एक समिति का गठन किया जाए, जो समस्त कार्यवाही और संबंधित पत्रावलियों का परीक्षण कर अग्रिम कार्यवाही की आख्या प्रस्तुत करेगी। इस समिति में एडीएम वित्त और कॉलेज के दो वरिष्ठ शिक्षक शामिल होंगे।

Proposed boundary wall, fencing, and gates for Agra College campus security improvements

इतिहास विभाग के शिक्षक महावीर सिंह के खिलाफ कॉलेज की शोध छात्रा द्वारा यौन उत्पीड़न की शिकायत पर उठाए गए कदमों की समीक्षा की गई। आंतरिक जांच समिति द्वारा निर्धारित किया गया कि शिक्षक का आचरण अभद्रता की श्रेणी में आता है। इसके अनुसार शिक्षक महावीर सिंह प्रति वर्ष चरित्र निष्ठा प्रमाण पत्र देंगे और अंत सेवाकाल तक आंतरिक जांच समिति की सतत निगरानी में रहेंगे।

Agra College research center plan funded by Higher Education Ministry and donors

पूर्व कार्यवाहक प्राचार्य नरेन्द्र सिंह के खिलाफ हुई शिकायत प्रकरण में पुनः जांच के निर्देश दिए गए। एकल स्थानांतरण हेतु प्राप्त आवेदन और परिवीक्षाकाल पूर्ण कर चुके कर्मचारियों के स्थायीकरण पर विचार किया गया। इसमें चार शिक्षकों और दो कर्मचारियों के स्थायीकरण को स्वीकृति प्रदान की गई।

कॉलेज परिसर की सुरक्षा बढ़ाने के लिए मुख्य परिसर में बाउंड्रीवाल की ऊँचाई बढ़ाने, फेंसिंग तार लगवाने, क्षतिग्रस्त बाउंड्री की मरम्मत और दो प्रवेश द्वारों के नए गेट निर्माण की वित्तीय स्वीकृति दी गई।

कॉलेज में अवस्थापनागत विकास के लिए इच्छुक दानदाताओं और छात्रों द्वारा दी गई धनराशि के प्रबंधन हेतु “आगरा कॉलेज सामान्य विशिष्ट प्रयोजन निधि” के गठन का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, विधायक पुरूषोत्तम खण्डेलवाल, अग्रवाल समाज और अग्रसेन सेवा समिति द्वारा ‘महाराजा अग्रसेन शोध पीठ’ की स्थापना हेतु वित्तीय अनुदान उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पेश किया गया। इस प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए निर्देश दिए गए कि शोध पीठ में शोध छात्रों की सुविधा सुनिश्चित की जाए और अनुदान दाताओं द्वारा इसके संचालन की जिम्मेदारी निभाई जाए।

कॉलेज प्राचार्य के समीप स्थित भूमि पर एक ऑडिटोरियम एवं बी.फार्मा, डी.फार्मा के संचालन एवं निर्माण हेतु वित्तीय अनुदान देने के प्रस्ताव पर भी स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त कॉलेज के सभी शिक्षक और कर्मचारी अपने विभागों में नियमित सेवाएं देंगे और किसी बाहरी कार्य में शामिल नहीं होंगे।

बैठक में जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी, कॉलेज प्राचार्य चित्र कुमार गौतम, शिक्षक प्रतिनिधि मृणाल शर्मा, जयश्री भारद्वाज और शिक्षणेत्तर कर्मचारी प्रतिनिधि राजेश कुमार उपस्थित रहे।

#AgraCollege #CollegeManagement #FacultyApproval #CampusSecurity #ResearchCenter #HigherEducation #MaharajaAgrasenResearch #EducationUpdates #AgraNews #CollegeDevelopment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *