आगरा। आगरा में चर्चित राज चौहान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार तड़के हुई मुठभेड़ में मुख्य हत्यारोपी अरबाज खान उर्फ मंसूरी पुलिस एनकाउंटर में मारा गया, जबकि उसके दो साथी मोहित पंडित और आशू पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों बदमाशों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने दोनों घायलों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार सुबह लोकेशन ट्रेस होने के बाद बदमाशों को घेराबंदी कर दबोचा गया। खुद को फंसा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी अरबाज खान को ढेर कर दिया गया, जबकि मोहित और आशू के पैर में गोली लगी।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग में ट्रांस यमुना क्षेत्र के एसओ हरेंद्र कुमार और कोतवाली इंस्पेक्टर भानु प्रताप की बुलेट प्रूफ जैकेट पर एक-एक गोली लगी, जिससे वे सुरक्षित बच गए। वहीं, दरोगा ऋषि के हाथ में गोली लगने से वे घायल हो गए। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गौरतलब है कि 23 जनवरी को टेढ़ी बगिया स्थित एसएन गेस्ट हाउस में रंगबाज राज चौहान की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया था कि राज के साथ मौजूद लोगों ने ही उसकी गतिविधियों की जानकारी हमलावरों तक पहुंचाई थी। पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में पांच लोगों को हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद शोएब मंसूरी और उसके साथियों के नाम सामने आए थे, जिसके बाद पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि राज चौहान की हत्या उसके जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले की गई थी। हत्यारोपी युवक सुबह से ही राज के साथ थे और उसी के घर से उसे अपने साथ ले गए थे। एसएन गेस्ट हाउस पहुंचने के बाद वहां मौजूद कुछ परिचित युवक कमरे में आए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने के बाद राज जान बचाने के लिए गैलरी तक भागा, लेकिन पीछे से हमलावरों ने उसे दोबारा गोलियों से छलनी कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल से पुलिस को पांच खाली खोखे बरामद हुए थे।
मृतक की मां नीरू चौहान ने पुरानी रंजिश के चलते बेटे की हत्या का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि घटना वाले दिन शाम करीब चार बजे चार युवक घर आए थे, जिन्होंने काफी देर तक राज से बातचीत की और फिर उसे अपने साथ ले गए। उन युवकों को परिवार पहले कभी नहीं जानता था।
मुख्य बिंदु:
- राज चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी अरबाज खान उर्फ मंसूरी एनकाउंटर में ढेर
- दो इनामी बदमाश मोहित पंडित और आशू घायल, गिरफ्तार
- मुठभेड़ में दो पुलिस अधिकारी बुलेट प्रूफ जैकेट से सुरक्षित, एक दरोगा घायल
- 23 जनवरी को एसएन गेस्ट हाउस में हुई थी राज चौहान की हत्या
- पुरानी रंजिश और अंदरूनी मुखबिरी की आशंका, जांच जारी
- #AgraNews #RajChauhanMurderCase #PoliceEncounter #ArbaazKhan #AgraPolice #UPPolice #CrimeNews #AgraCrime #BreakingNews #EncounterNews #UttarPradeshCrime
