• Sun. Mar 1st, 2026

Today News Track

India #1 News Platform

Agra News: जिले में 2644 बूथों पर पिलाई गई दो बूंद जिंदगी की, सीएमओ ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर शुरू किया सघन पल्स पोलियो अभियान

Spread the love

आगरा। जिले में सप्लीमेंट्री नेशनल इम्यूनाइजेशन डे (एसएनआईडी) के तहत रविवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जीवनी मंडी में सघन पल्स पोलियो अभियान मनाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बूथ दिवस पर कुटकुट और राजवर्धन को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।

Children given polio drops by health team in Agra during SNID 2025

सीएमओ ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, जिला पूर्ति अधिकारी, नगर निकाय और पंचायती राज अधिकारियों को दिशा-निर्देश भेजे गए हैं। स्कूलों में रैलियां आयोजित की गईं और बच्चों के माता-पिता को पोलियो की दवा पिलाने के लिए प्रेरित किया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों में तीन से पांच वर्ष तक के बच्चों को केंद्र पर दवा पिलाई जा रही है, जबकि तीन वर्ष से कम आयु के बच्चों की माताओं को प्रेरित कर दवा पिलवाई जा रही है।

Doctors and health workers launching house-to-house polio immunization in Agra

सीएमओ ने स्पष्ट किया कि बच्चों के लिए पोलियो की दो बूंद की खुराक पूरी तरह सुरक्षित और असरदार है। स्वास्थ्य विभाग की 1716 टीमें 15 से 19 दिसंबर तक घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी। जो बच्चे इस दौरान छूट जाएंगे, उन्हें 22 दिसंबर को दवा पिलाई जाएगी।

Safe and effective two-drop polio vaccine administered to children in Agra

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को आयोजित बूथ दिवस पर जिले के 2644 बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। उन्होंने बताया कि पोलियो का टीका नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में भी शामिल है और जन्म के समय, छह, दस, चौदह सप्ताह और 16-24 महीने की उम्र में बूस्टर खुराक दी जाती है। पोलियो अत्यधिक संक्रामक वायरल बीमारी है, इसलिए पूर्ण प्रतिरक्षण बेहद आवश्यक है।

उद्घाटन अवसर पर पोलियो के लिए नामित नोडल अधिकारी डॉ. नागेंद्र गुप्ता, राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि गोपाल, जीवनी मंडी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना शर्मा, विश्व स्वास्थ्य संगठन की एसएमओ डॉ. महिमा चतुर्वेदी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के चिकित्सक डॉ. अंबिका झा, डॉ. ललित, यूनिसेफ के डीएमसी राहुल कुलश्रेष्ठ, जे.एस.आई संस्था के प्रोग्राम ऑफिसर नितिन खन्ना और स्वास्थ्य केंद्र का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

विजय नगर कॉलोनी निवासी अभिनव ने बताया कि उनके घर में दो बच्चे हैं, कुटकुट एक वर्ष का और राजवर्धन 10 महीने का। उन्होंने दोनों बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई है और सभी टीके टीकाकरण केंद्र से लगवाए हैं। उन्होंने कहा कि दवा के कारण कभी कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा और सभी माता-पिता को अपने बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलानी चाहिए।

#PulsePolioAgra #PolioVaccine #ChildHealth #SNID2025 #ImmunizationDrive #AgraHealth #TwoDropVaccine

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *