आगरा। गुरुवार को सूरसदन सभागार में लोधी क्षत्रिय इम्पलाइज एसोसिएशन (लक्ष्य) आगरा द्वारा आठवां प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल, प्रशासन और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 450 से अधिक प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। समारोह में आगरा सहित विभिन्न जनपदों से आए लोधी राजपूत क्षत्रिय समाज के सैकड़ों गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने सामाजिक एकजुटता और जागरूकता का संदेश दिया।
सूरसदन में लोधी क्षत्रिय एम्पलाइज एसोसिएशन (लक्ष्य) आगरा द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में समाज की वार्षिक पत्रिका लक्ष्य संदेश का विमोचन करते बाएँ से रतिराम वर्मा, पूर्व मुख्य आयकर आयुक्त डॉ. बनवारी लाल सिंह लोधी, पूर्व आईजी केपी सिंह, चैतन्य देव, इंजी. किशोरी सिंह राजपूत, नेत्रपाल सिंह, आरपी सिंह, मानपाल सिंह, वीपी सिंह एवं अन्य
लोधी क्षत्रिय इम्पलाइज एसोसिएशन (लक्ष्य) आगरा द्वारा आयोजित समारोह का शुभारंभ आगरा इकाई अध्यक्ष एवं समारोह संयोजक इंजीनियर किशोरी सिंह राजपूत और पूर्व मुख्य आयकर आयुक्त बनवारी लाल सिंह लोधी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
मंच पर इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस से सेवानिवृत्त आईजी केपी सिंह, बरेली विकास प्राधिकरण के मुख्य नगर नियोजक अजय कुमार सिंह, मिलिट्री सर्विसेज के पूर्व मुख्य अभियंता इंजीनियर चैतन्य देव, आईआईटी उत्तर प्रदेश के अपर निदेशक मानपाल सिंह, समाज कल्याण विभाग के अधीक्षण अभियंता इंजीनियर मुनिवीर सिंह और सूडा की पूर्व परियोजना निदेशक अंजू सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
सूरसदन में लोधी क्षत्रिय एम्पलाइज एसोसिएशन (लक्ष्य) आगरा द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ आयोजक एवं गणमान्य अतिथि
समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 343 छात्र-छात्राओं, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले 15 खिलाड़ियों, राज्य व केंद्र सरकार में नियुक्ति पाने वाले 35 कर्मचारियों व अधिकारियों, पदोन्नति प्राप्त करने वाले 6 अधिकारियों तथा सेवानिवृत्त हुए 18 अधिकारियों व कर्मचारियों सहित कुल 450 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंजीनियर किशोरी सिंह राजपूत ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और संकल्प ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि लक्ष्य संस्था पिछले आठ वर्षों से समाज को संगठित करने, शिक्षा को बढ़ावा देने, प्रतिभाओं को सम्मानित करने और कुरीतियों के खिलाफ अभियान चलाने का कार्य कर रही है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने बच्चों के सर्वांगीण विकास और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। अभिभावकों से अपील की गई कि भले ही एक रोटी कम खानी पड़े, लेकिन बच्चों की शिक्षा में कोई समझौता न करें।
कार्यक्रम में महावीर सिंह वर्मा के नेतृत्व में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सतीश राजपूत के संपादन में प्रकाशित वार्षिक पत्रिका लक्ष्य संदेश का विमोचन भी किया गया। संचालन सतीश राजपूत ने किया और महामंत्री लक्ष्मण सिंह ने वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। समारोह में समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।