फतेहाबाद। आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद अनिल कुमार के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित होटलों और ढाबों के बाहर अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों की सघन जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की।
![]() |
| एक्सप्रेस वे पर खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करती पुलिस |
अभियान का मुख्य उद्देश्य एक्सप्रेसवे पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकना और यात्रियों के लिए सुरक्षित सफर सुनिश्चित करना रहा। पुलिस ने ढाबा संचालकों और वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे एक्सप्रेसवे या सर्विस रोड पर किसी भी प्रकार का अवरोध न करें और वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद तरुण धीमान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार, सुमित कुमार, ज्वाला सिंह, अनुज द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
सहायक पुलिस आयुक्त अनिल कुमार ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे के किनारे बड़ी संख्या में वाहन खड़े होने से हादसों की आशंका बनी रहती है।
इसके अलावा कुछ लोगों ने सर्विस रोड के किनारे होटल और ढाबे खोल रखे हैं, जिनके द्वारा एक्सप्रेसवे की जाली और फेंसिंग काटी गई है। ऐसे सभी होटल और ढाबा संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अवैध रूप से संचालित प्रतिष्ठानों को बंद करें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनी रहे।
#AgraLucknowExpressway #IllegalParking #RoadSafety #TrafficPolice #FatehabadPolice #AgraNews #ExpresswaySafety


.jpeg)