• Thu. Apr 23rd, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

UMI2025: यूपीएमआरसी की उपलब्धियों ने यूएमआई 2025 में खींचा सबका ध्यान, हरियाणा के मुख्यमंत्री ने किया मेट्रो स्टॉल का दौरा

Spread the love

गुरुग्राम। गुरुग्राम में 7 से 9 नवंबर तक आयोजित अर्बन मोबिलिटी इंडिया (यूएमआई) कॉन्फ्रेंस एंड एक्सपो 2025 में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) ने अपनी प्रभावशाली मौजूदगी दर्ज कराई है। यूपीएमआरसी की आधुनिक तकनीक, समयबद्ध परियोजनाएं और नवाचारों ने सम्मेलन में सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

सम्मेलन के दूसरे दिन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यूपीएमआरसी के स्टॉल का दौरा किया। इस दौरान निदेशक (रोलिंग स्टॉक एंड सिस्टम) नवीन कुमार ने उन्हें लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो परियोजनाओं की उपलब्धियों और प्रगति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने यूपीएमआरसी के कुशल और समयबद्ध कार्यान्वयन की सराहना करते हुए कहा कि मेट्रो परियोजनाओं ने उत्तर प्रदेश के शहरी परिवहन को नई दिशा दी है और यह देश के अन्य शहरों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

UPMRC Managing Director Sushil Kumar addressing session on mobility options for Tier-2 and Tier-3 cities


अर्बन मोबिलिटी इंडिया (यूएमआई) सम्मेलन शहरी परिवहन क्षेत्र में नवाचार, रणनीति और विकास पर विचार-विमर्श का एक प्रमुख राष्ट्रीय मंच है। इसमें देश और विदेश की शहरी नियोजन, इंफ्रास्ट्रक्चर व परिवहन से जुड़ी कंपनियां हिस्सा लेती हैं। सम्मेलन के पहले दिन केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इसका उद्घाटन किया था। उन्होंने उद्घाटन के बाद यूपीएमआरसी स्टॉल का भी अवलोकन किया और परियोजनाओं की सराहना की।


सम्मेलन के दौरान यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने “टियर-2 और टियर-3 शहरों में गतिशीलता के विकल्प” विषय पर आयोजित सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार कानपुर, लखनऊ और आगरा मेट्रो सेवाओं ने शहरी परिवहन के परिदृश्य में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यूपीएमआरसी का प्रयास है कि हर शहर में आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित की जा सके।

यूएमआई एक्सपो में यूपीएमआरसी का स्टॉल लगातार दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। यहां कानपुर, लखनऊ और आगरा मेट्रो ट्रेनों के आकर्षक मॉडल प्रदर्शित किए गए। स्टॉल पर आने वाले आगंतुकों को यूपीएमआरसी की विश्वस्तरीय मेट्रो रेल इंफ्रास्ट्रक्चर, तकनीकी नवाचारों और यात्री सुविधाओं की विस्तृत जानकारी मिली।


इसके अलावा, स्टॉल पर कानपुर और आगरा मेट्रो परियोजनाओं के निर्माण कार्यों की प्रगति, मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी के प्रयासों और भविष्य की विस्तार योजनाओं को भी प्रदर्शित किया गया। यूपीएमआरसी टीम ने दर्शकों को यह भी बताया कि मेट्रो सेवाओं के माध्यम से शहरों में कैसे ट्रैफिक दबाव घटा है और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिला है।

सम्मेलन में बड़ी संख्या में शहरी परिवहन विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं और तकनीकी विशेषज्ञों ने भाग लिया। यूपीएमआरसी की भागीदारी ने इस सम्मेलन में न केवल उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया बल्कि भारतीय मेट्रो परियोजनाओं की दक्षता और साख को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया।

#UPMRC #UMI2025 #UrbanMobilityIndia #LucknowMetro #KanpurMetro #AgraMetro #MetroProjects #UrbanTransport #SustainableMobility #HaryanaNews #GurugramExpo #IndiaInfrastructure #PublicTransport #TodayNewsTrack

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *