फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। रविवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 28.100 के पास लाल कपड़े में लिपटी हुई पांच माह की नवजात बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
![]() |
| एक्सप्रेसवे के किनारे नवजात का शव |
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुमायूंपुर गूजर निवासी विनोद पुत्र भगवान सिंह अपने खोखे पर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक्सप्रेसवे के आगरा से लखनऊ जाने वाली लेन के किनारे लाल कपड़े में लिपटा नवजात बच्ची का शव देखा। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास से लोग मौके पर जमा हो गए और फतेहाबाद पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह स्थान नगला लोहिया के पास है, जहाँ दिनभर लोगों का आवागमन रहता है और टोल कर्मचारियों की भी उपस्थिति होती है। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि नवजात बच्ची को रात के समय ही एक्सप्रेसवे किनारे फेंका गया होगा।
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची महिलाओं और ग्रामीणों ने बच्ची की मां को कोसते हुए सवाल उठाए कि आखिर ऐसी कौन सी मजबूरी रही होगी कि नवजात को इस तरह बेसहारा छोड़ दिया गया। लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि कहीं बच्ची को जिंदा तो नहीं फेंका गया और यदि जन्म के बाद उसकी मृत्यु हुई थी तो अंतिम संस्कार क्यों नहीं किया गया।
एसीपी फतेहाबाद अनिल कुमार ने बताया कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पांच माह की नवजात बच्ची का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोग और आसपास के ग्रामीण इस घटना से काफी परेशान हैं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को चौकसी बढ़ानी होगी, ताकि मासूम बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज और टोल प्लाजा के कर्मचारियों से जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, प्रशासन ने भी क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और संभावित आरोपियों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं।
यह घटना एक बार फिर से सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी का प्रश्न खड़ा करती है कि माताओं और परिवारों को किस कदर सहायता और मार्गदर्शन की आवश्यकता है, ताकि किसी भी नवजात को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े।
#AgraNews #Fetehabad #NewbornGirl #ExpresswayTragedy #PoliceInvestigation #HumanInterest #ChildSafety #BreakingNews

