• Wed. Mar 4th, 2026

TODAY News Track

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra Yamuna Flood :खतरे की धारा में उम्मीद की नाव, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने दिलाया भरोसा

Spread the love

प्रभावित इलाकों में बनाई गई टीमें, शेल्टर होम की व्यवस्था

आगरा। यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से शहर के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उच्च शिक्षा कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने रविवार को संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उनके साथ डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने जीवनी मंडी चौराहे से कृष्णा नगर तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने यमुना का बढ़ता जलस्तर देखा और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “प्रीवेन्शन इज बेटर देन क्योर” नीति के तहत ही व्यवस्थाएं करनी होंगी।

दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते उच्च  शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय

मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और प्रशासनिक अधिकारियों ने जनता को भरोसा दिलाया कि बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जाएगी और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा।

यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते उच्च  शिक्षा मंत्री


चार जोन में विभाजित क्षेत्र, बनाए प्रभारी

संभावित खतरे को देखते हुए मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कृष्णा कॉलोनी से दरेसी तक के पूरे इलाके को चार जोन में बांट दिया।उन्होंने हर जोन के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए। इसमें दीपक खरे, अनुराग चतुर्वेदी, आदेश सिंघल और अनुज शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है।प्रत्येक प्रभारी के साथ उनकी टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी करेगी। जैसे ही किसी तरह का खतरा या जलभराव की स्थिति बनती है, तुरंत प्रशासन और जनता को सूचित कर आवश्यक बचाव कार्य शुरू किया जाएगा।

दौरा करतीं एसडीएम फतेहाबाद स्वाति शर्मा


इस व्यवस्था से प्रशासन को हालात पर रियल टाइम जानकारी मिल सकेगी और आपदा के समय त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो पाएगी।मंत्री ने विजय नगर कॉलोनी स्थित शादी घर, शेल्टर हाउस, अग्रसेन कॉलेज और किराना धर्मशाला को अस्थायी आपदा शिविर बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर यहां बाढ़ प्रभावित लोगों को शिफ्ट किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों का ध्यान इस ओर भी आकर्षित किया कि क्षेत्रीय स्तर पर जलभराव न हो, इसके लिए उचित इंतजाम किए जाएं। नालों और सीवर की सफाई समय पर की जाए ताकि बरसात का पानी जमा न हो सके।


जीवनी मंडी में जन चौपाल

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद योगेंद्र उपाध्याय जीवनी मंडी पहुंचे। यहां उन्होंने जन चौपाल का आयोजन किया। लोगों ने अपनी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। मंत्री ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के आदेश दिए।निरीक्षण के दौरान भाजपा के युवा नेता डॉ. अलौकिक उपाध्याय, वरिष्ठ नेता दीपक खरे, किशन खंडेलवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष धीरज जैन, मंडल अध्यक्ष आदेश सिंघल, सत्यप्रकाश गुप्ता, पार्षद अनुराग शर्मा, मुकेश डागौर, नितिन मुकेश, प्रकाश वशिष्ठ, संजय गुप्ता, संजय भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

व्यवस्थाओं का जायजा लेतीं एडीएम फाइनेंस


फतेहाबाद तहसील में एसडीएम का दौरा

उपजिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम) फतेहाबाद स्वाति शर्मा ने राजस्व टीम के साथ बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। उन्होंने नगरिया रामकरण, नगरिया धारू, बमरौली, नेतपुरा, पिन्नापुरा और नारी समेत कई इलाकों का दौरा किया।इन गांवों में बाढ़ शेल्टर बनाने के लिए स्कूल और धर्मशालाओं को चिह्नित किया गया। एसडीएम ने नगरिया रामकरण के बाढ़ शेल्टर का निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।निरीक्षण के दौरान राजस्व निरीक्षक जितेंद्र और लेखपाल हरिओम, अमित, अनिल और रतन सिंह मौके पर मौजूद रहे।

राजस्व टीम के साथ गांव  पहुंची एसडीएम फतेहाबाद


एत्मादपुर विधायक ने किया निरीक्षण

एत्मादपुर विधायक धर्मपाल, डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी, एडीएम वित्त व राजस्व शुभांगी शुक्ला और एसडीएम सदर सचिन राजपूत ने यमुना किनारे कई क्षेत्रों का दौरा किया।इनमें बाबा बाली गली, मोती महल, बगीचा घाट और गढ़ी चांदनी (निकट मेहताब बाग) शामिल रहे। टीम ने संभावित बाढ़ के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।यमुना का जलस्तर बढ़ते ही शहर के निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती हजारों प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना और राहत सामग्री उपलब्ध कराना है।

विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह के साथ लोगों से जानकारी लेते डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी


#AgraFloodAlert | #YamunaRiverFlood | #AgraNews | #FloodManagement | #AgraUpdates | #DisasterPreparedness | #AgraCity | #UttarPradeshNews | #AgraFloodZones | #AgraAdministration | #YamunaAlert | #AgraShelters | #FloodRelief | #AgraHeadlines | #UPFloodAlert

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *