• Sun. Mar 1st, 2026

Today News Track

India #1 News Platform

Agra News: पथकर व नगर स्तरीय समितियों की बैठकों में 51.50 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत, शहीद स्मारक पार्क का लाइट एंड साउंड शो तीन माह निःशुल्क

Spread the love

आगरा। आगरा में पथकर सलाहकार समिति की 40वीं बैठक और नगर स्तरीय अवस्थापना विकास समिति की बैठक में पर्यटन, यातायात, सुरक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़े बड़े फैसले लिए गए। बैठकों में कुल 51.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। 

साथ ही शहीद स्मारक पार्क के लाइट एंड साउंड शो को तीन माह तक निःशुल्क करने और आगरा किला के लाइट एंड साउंड शो में भारतीय पर्यटकों के लिए टिकट दर कम करने पर सहमति बनी।

मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंडलायुक्त सभागार बैठकों में पथकर मद से लगभग 27.50 करोड़ रुपये और नगर स्तरीय अवस्थापना मद से लगभग 24 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक की शुरुआत पथकर सलाहकार समिति की पूर्व बैठकों की अनुपालन आख्या की समीक्षा से हुई। एयरपोर्ट पर वेंडिंग मशीन लगाए जाने के संबंध में एयरपोर्ट अथॉरिटी से अनुमति न मिलने का विषय सामने आने पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए एयरपोर्ट डायरेक्टर से वार्ता कर आवश्यक अनुमति दिलाने के निर्देश दिए गए।

शहीद स्मारक पार्क में चल रहे लाइट एंड साउंड शो की प्रगति की समीक्षा के दौरान कम उपस्थिति को देखते हुए आगामी तीन माह तक शो में प्रवेश निःशुल्क रखने और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। शिल्पग्राम से ताज पूर्वी गेट होते हुए पश्चिमी गेट तक ट्री फसाड लाइटिंग का कार्य पूर्ण बताया गया, जिसकी टेस्टिंग और संचालन का कार्य जारी है। रिंग रोड पर बड़े साइनेज बोर्ड लगाए जाने के भी निर्देश दिए गए।

ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी गेट पर स्थित लॉकर रूम में बैगेज स्कैनर लगाने के लिए पुलिस विभाग को धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। एडीसीपी को अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एत्माउदौला स्मारक के बाहर प्राधिकरण की पूर्व निर्मित आठ कियोस्क जर्जर और गिरासू होने के कारण ध्वस्त किए जाने की समिति की रिपोर्ट रखी गई। इस पर पीडब्ल्यूडी और नगर निगम को संयुक्त निरीक्षण कर सड़क चौड़ीकरण और पार्किंग के लिए स्थल चयन के निर्देश दिए गए।

यमुना ब्रिज से बेलनगंज को जोड़ने वाले स्ट्रेची पुल की मरम्मत के लिए रेलवे को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए। आंबेडकर पुल के संबंध में बताया गया कि आईआईटी बीएचयू से जांच के बाद सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। आगरा एंट्री गेट और रमाडा फ्लाईओवर पर समुचित लाइटिंग और प्लांटेशन के रखरखाव के निर्देश दिए गए।

विद्युत शवदाह गृह में विद्युत भट्टियों के संचालन की उपयोगिता बढ़ाने के लिए अज्ञात शवों का दहन वहीं कराए जाने के संबंध में पुलिस विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। ताजमहल की वेबसाइट के संचालन की समीक्षा के दौरान ऑनलाइन टिकट बुकिंग में आ रही समस्याओं और पर्यटकों की सुविधा के अनुरूप सुधार न होने पर एएसआई अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की गई।

आगरा किला में सायंकाल होने वाले लाइट एंड साउंड शो में भारतीय पर्यटकों के लिए प्रति टिकट दर 300 रुपये से कम करने, नई दर तय करने और ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए गए। तांगा संचालकों को शिल्पग्राम से आगे पर्यटकों को ले जाने पर रोक लगाने और उन्हें अन्य स्मारकों पर शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए गए।

पथकर सलाहकार समिति के अंतर्गत इनर रिंग रोड जंक्शन कुबेरपुर और आगरा इनर रिंग रोड के प्रवेश द्वार पर सौंदर्यीकरण, ताजगंज परियोजना का अनुरक्षण, ताजमहल क्षेत्र, ताज व्यू प्वाइंट, सेल्फी प्वाइंट ‘आई लव आगरा’, ट्री फसाड और आगरा फोर्ट की प्रकाश व्यवस्था के विद्युत बिल, विद्युत शवदाह गृह में निःशुल्क शवदाहन के लिए वर्ष 2026 में 10 लाख रुपये का भुगतान, ताजमहल व फतेहपुर सीकरी के लिए खरीदी गई दो एंबुलेंस तथा आगरा फोर्ट की एक एंबुलेंस के अनुरक्षण और चालकों के वेतन से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

नगर निगम से संबंधित प्रस्तावों में नगर निगम सीमा के बाहर पांच मार्गों—ग्वालियर मार्ग, दक्षिण बाईपास मार्ग, फतेहपुर सीकरी मार्ग, वायु विहार मार्ग संख्या-13 और बोदला-बिचपुरी मार्ग—की प्रकाश व्यवस्था के विद्युत बिल (लगभग 90 लाख), पथ प्रकाश व्यवस्था का वार्षिक अनुरक्षण, ताजगंज परियोजना व पश्चिमी गेट पार्किंग पर फायर फाइटिंग सिस्टम का रखरखाव, ताजमहल क्षेत्र में प्रकाश बिंदुओं का अनुरक्षण तथा ताजमहल के आसपास दो किलोमीटर परिधि में सफाई कार्य के लिए नगर निगम को लगभग 180 लाख रुपये देने के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए।

पर्यटन विभाग द्वारा ताज महोत्सव 2026 के लिए लगभग 75 लाख रुपये के अनुदान, टूरिस्ट फेसिलिटेशन सेंटरों की साफ-सफाई, विद्युत संयोजन और टिकट वेंडिंग मशीन संचालन तथा मंडलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी 2026 के आयोजन के लिए 5 लाख रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। 

पुलिस विभाग द्वारा ताज पूर्वी गेट पर क्लॉक रूम व सुरक्षा उपकरण, महत्वपूर्ण स्थलों और पार्किंग में साइनेज बोर्ड तथा ताज सुरक्षा में प्रयुक्त बूथों की मरम्मत सहित लगभग 72 लाख रुपये के कार्यों को स्वीकृति दी गई।

इसके अलावा जनप्रतिनिधियों द्वारा शहर की विभिन्न मलिन बस्तियों में सड़क और नाली निर्माण से जुड़े कई प्रस्ताव रखे गए, जिन्हें भी स्वीकृति प्रदान की गई।

नगर स्तरीय अवस्थापना विकास समिति में आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा रौहता नहर के किनारे 30 मीटर चौड़े मास्टर प्लान रोड, यातायात नगर योजना के सेक्टर-3 और सेक्टर-6 में आरसीसी नाला व सड़क निर्माण सहित करोड़ों रुपये के कार्य प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक में एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुणमौली, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक हिमांशु गौरव, प्राधिकरण मुख्य अभियंता संजीव कुमार, वित्तीय नियंत्रक शिवनाथ, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, उद्यान अधीक्षक रजनीश पाण्डेय, समिति सदस्य राजीव सक्सेना और राजेश सहित एएसआई, पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

#AgraNews #AgraDevelopment #PathkarCommittee #UrbanDevelopment #TourismInAgra #TajMahalArea #AgraFort #LightAndSoundShow #ShaheedSmarak #TajMahotsav2026 #MunicipalProjects

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *