• Sat. Mar 7th, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News: तीन दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी का शुभारंभ, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता डॉ. विजय एम धोरे ने दिया लाइव डेमोंस्ट्रेशन

ByToday NewsTrack

Feb 17, 2026
Spread the love

आगरा। राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश, संस्कृति विभाग एवं बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय क्षेत्रीय कला प्रदर्शनी का आयोजन 16 से 18 फरवरी तक किया जा रहा है। प्रदर्शनी में क्षेत्र के कलाकारों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की रचनात्मक कृतियों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

National award-winning artist Dr Vijay M Dhore giving live painting demonstration at art exhibition in Agra

कार्यक्रम के प्रथम दिवस 16 फरवरी को ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष श्री सुनील कुमार विश्वकर्मा ने लाइव डेमोंस्ट्रेशन प्रस्तुत किया। उन्होंने चित्रकला की विभिन्न विधाओं और तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए छात्राओं को कला के सूक्ष्म पक्षों से अवगत कराया। उनके सजीव प्रदर्शन को छात्राओं और शिक्षकों ने अत्यंत उत्साह से देखा।

द्वितीय दिवस मंगलवार को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात भारतीय चित्रकार डॉ. विजय एम धोरे ने लाइव डेमोंस्ट्रेशन दिया। उन्होंने अपनी विशिष्ट शैली और तकनीक के माध्यम से चित्र निर्माण की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर पूनम सिंह ने की। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. विजय एम धोरे को शॉल, माला एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया।

प्राचार्य प्रोफेसर पूनम सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि चित्रकला रचनात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्राओं को नई तकनीकों को अपनाने और निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कला न केवल सौंदर्य बोध को जागृत करती है, बल्कि व्यक्तित्व विकास में भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उल्लेखनीय है कि प्रख्यात भारतीय चित्रकार डॉ. विजय एम धोरे को ललित कला अकादमी, नई दिल्ली द्वारा वर्ष 2025 में चित्रकला के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार ने उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान ललित कला संस्थान के सभी शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने अपनी कला कृतियों का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में चित्रकला के साथ-साथ मूर्तिकला की कृतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। ललित कला संस्थान के मूर्तिकला के छात्र शिवकुमार को भी इस अवसर पर अवार्ड प्रदान किया गया।

तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी में कला प्रेमियों की उपस्थिति से आयोजन को सराहना मिली। प्रदर्शनी 18 फरवरी तक जारी रहेगी, जिसमें विभिन्न कला विधाओं की उत्कृष्ट कृतियां दर्शकों के लिए प्रदर्शित की जा रही हैं। 

#AgraArtExhibition #LalitKalaAkademi #DrVijayMDhore #ArtEvent #UttarPradeshCulture #LivePainting #NationalAwardArtist #AgraNews #CulturalEvent #IndianArt 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *