आगरा। यमुना आरती महंत पंडित जुगल किशोर श्रोत्रिय के नेतृत्व में यमुना सफाई अभियान की शुरुआत की गई। यह विशेष अभियान सुबह यमुना नदी के किनारे स्थित यमुना आरती स्थल पर चलाया गया। अभियान का उद्देश्य यमुना को प्रदूषण से मुक्त करना और लोगों को नदी संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
इस सफाई अभियान में आगरा शहर के प्रमुख समाजसेवी राहुल राज के नेतृत्व में मिल्टन पब्लिक स्कूल के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सफाई कार्य में सहयोग करने वालों में गौरव, वैभव, आयुषी, संभव, देवांश, ऋतिक, कृष, आरव, अर्पित, कृष्णा, शल्य, कृतज्ञ, युवराज, नैतिक, साईराज, आलेख, ध्रुव, अनुराग, पुष्पेंद्र, बृजेश, सरिता, प्रभात, रजनीश, मनीष, गीता मिश्रा, अखिल, लकी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अभियान के दौरान आगरा नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, जोनल सैनिटरी ऑफिसर आशुतोष वर्मा, सुपरवाइजर आशीष शर्मा और अजय भी मौके पर उपस्थित रहे। सफाई के दौरान यमुना किनारे से बड़ी मात्रा में पॉलीथिन, प्लास्टिक और अन्य कूड़ा-कचरा एकत्र किया गया। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि नदी किनारे धार्मिक सामग्री और हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां भी पाई गईं, जिन्हें अनुचित तरीके से विसर्जित किया गया था।
इसके साथ ही आगरा की जूता फैक्ट्रियों से निकलने वाली जूते की कतरन बड़ी मात्रा में यमुना क्षेत्र में फैली मिली, जिससे न केवल गंदगी बढ़ रही है बल्कि शहर के वाटर लेवल पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इस पर सफाई अभियान से जुड़े लोगों ने जूता फैक्ट्री व्यवसाय संचालित करने वालों से ‘रिवर कनेक्ट अभियान’ से जुड़ने और नदी को प्रदूषित न करने की अपील की।
अभियान के दौरान आगरा प्रशासन से भी मांग की गई कि जो लोग सीधे तौर पर यमुना को प्रदूषित कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और जुर्माना लगाया जाए। साथ ही शहरवासियों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मुहिम से जुड़ें और यमुना नदी को स्वच्छ रखने में अपना योगदान दें।
सफाई अभियान से जुड़े लोगों ने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि आगरा की जीवनरेखा है। इसके संरक्षण के लिए समाज, प्रशासन और उद्योगों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।
#YamunaCleanlinessDrive #SaveYamuna #YamunaRiver #YamunaAartiGhat #AgraNews #CleanYamuna #RiverConnectCampaign #YamunaProtection #EnvironmentalAwareness #CleanRiverMission