• Mon. Mar 2nd, 2026

Today News Track

India #1 News Platform

Agra News : छलेसर परिसर में एनएसएस का एक दिवसीय स्वच्छता अभियान शिविर आयोजित

Spread the love

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस, छलेसर परिसर में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में एक दिवसीय स्वच्छता अभियान शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 04 फरवरी को विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी के संरक्षण में संपन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ छात्रों में श्रमदान और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा।

NSS volunteers participating in a cleanliness campaign at Chhalesar campus, Ambedkar University Agra

शिविर के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवियों द्वारा परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवियों ने परिसर की साफ-सफाई की, कूड़ा-कचरा हटाया और पेड़-पौधों की निराई-गुड़ाई कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। श्रमदान के माध्यम से स्वयंसेवियों ने स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित परिसर निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ छलेसर परिसर के प्रभारी डॉ. रवि शेखर द्वारा किया गया। उन्होंने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए निरंतर प्रयास करें और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाएं।

इस अवसर पर एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी एवं कृषि विभाग के शिक्षक डॉ. एस. के. सिंह ने स्वयंसेवियों के लिए जलपान सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। उन्होंने स्वयंसेवियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों में अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करते हैं। वहीं डॉ. मनीष शर्मा ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करता है, बल्कि सकारात्मक सोच और संतुलित जीवनशैली को भी बढ़ावा देता है।

शिविर में बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवियों, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने परिसर को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने तथा समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

#AmbedkarUniversityAgra #NSS #CleanlinessCampaign #ChhalesarCampus #StudentVolunteers #HygieneAwareness #EnvironmentalProtection #GreenCampus #AgraNews #UniversityActivities

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *