मथुरा: जीआरपी मथुरा जंक्शन पुलिस टीम ने सतर्कता और सक्रियता का परिचय देते हुए मोबाइल चोरी की घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की सफेद धातु की एक चेन बरामद की है।
रेलवे क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 10 जनवरी 2026 को थाना मथुरा जंक्शन की पुलिस टीम स्टेशन परिसर में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी का सामान लेकर प्लेटफार्म नंबर 08 के आगरा साइड पर मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से अभियुक्त पुष्पेन्द्र उर्फ भडुआ को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की सफेद धातु की एक चेन बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि बरामद चेन उसने करीब चार से पांच माह पूर्व अपने साथियों अजय और जितेन्द्र के साथ मिलकर चोरी की थी। उस दौरान मोबाइल और मंगलसूत्र भी चोरी किए गए थे, जिन्हें उसके साथी अपने साथ ले गए थे, जबकि उसके हिस्से में यह चेन आई थी। अभियुक्त इसे बेचने की नीयत से मथुरा जंक्शन आया था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
गिरफ्तार अभियुक्त पुष्पेन्द्र उर्फ भडुआ पुत्र सोहनपाल सिंह, ग्राम बढ़ोली, थाना अतरौली, जनपद अलीगढ़ का निवासी है। उसके खिलाफ थाना जीआरपी मथुरा जंक्शन में मु0अ0सं0 400/25 धारा 305(सी) व 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक सुशील कुमार तथा हेड कांस्टेबल राहुल कुमार, सुरेश कुमार और धर्मेन्द्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
#GRPMathura #RailwayPolice #MobileTheft #CrimeNews #MathuraJunction #UPPolice #RailwaySecurity

