• Tue. Apr 21st, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News: आगामी पंचायत चुनाव में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए सभी नागरिक सचेत रहें

Spread the love

आगरा: जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने जनपद में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद् पुनरीक्षण हेतु अग्रेतर कार्यवाही के निर्देश जारी किये हैं। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश द्वारा निर्गत अधिसूचना (संशोधन) के तहत दिये गये समय सारिणी के अनुसार यह पुनरीक्षण कार्य निर्धारित रूप से किया जाएगा।

जनपद आगरा में 07 जनवरी, से 20 फरवरी, 2026 तक दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके उपरांत हस्तलिखित पाण्डुलिपियां तैयार कर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा की जाएँगी। साथ ही संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान और निस्तारण की कार्यवाही भी इसी अवधि में की जाएगी।

21 फरवरी, 2026 से 16 मार्च, 2026 तक दावे-आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत पूरक सूचियों का कम्प्यूटरीकरण किया जाएगा और उन्हें मूल सूची में समाहित किया जाएगा। इस दौरान मतदान केन्द्रों और मतदान स्थलों के निर्धारण की भी तैयारी की जाएगी।

17 मार्च, 2026 से 27 मार्च, 2026 तक मतदाता सूचियों के कम्प्यूटरीकरण के पश्चात मतदान केन्द्रों/स्थलों का क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग और फोटो प्रतियों की कार्यवाही की जाएगी। अंतिम रूप से 28 मार्च, 2026 को निर्वाचक नामावली जनसामान्य के लिए प्रकाशित की जाएगी।

इस कार्यवाही में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत), खण्ड विकास अधिकारी, समन्वयक अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) एवं सहायक समन्वयक अधिकारी अपने क्षेत्राधिकार के अंतर्गत पूरी जिम्मेदारी निभाएंगे।

जिले में संशोधित पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार प्रमुख स्थानीय समाचार पत्रों में किया जाएगा। साथ ही सभी संबंधित कार्यालयों के सूचना पट्ट पर इसे प्रदर्शित कर सार्वजनिक जानकारी सुनिश्चित की जाएगी।

निर्वाचक नामावली के वृहद् पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों में भी कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय सारिणी के अनुसार कार्य पूर्ण किया जाएगा।

जनपद के समस्त नागरिकों से अपील है कि अपने मतदाता विवरण की जांच कर आवश्यक संशोधन समय रहते करवाएं, ताकि आगामी पंचायत चुनाव में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

#Agra #VoterList2026 #PanchayatElections #VotingCenters #VoterUpdate

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *