• Wed. Mar 4th, 2026

TODAY News Track

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News:Van Mahotsav: Agra’s advanced nurseries gave a new identity to the plantation campaign, children also showed enthusiasm

Spread the love

आगरा। टूडे। न्यूजट्रैक। हिन्दी। समाचार। उत्तर प्रदेश।

वन महोत्सव: आगरा की उन्नत नर्सरियों ने पौधरोपण महाभियान को दी नई पहचान, बच्चों में भी दिखा उत्साह
एत्मादपुर, खैरागढ़ और जौपुरा में पौधारोपण कार्यक्रमों के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

पौधरोपण कर वन महोत्सव की शुरुआत करते वन विभाग के अधिकारी


आगरा:जनपद आगरा में इस वर्ष वन महोत्सव को विशेष रूप से यादगार बनाने का कार्य वन विभाग की उन्नत नर्सरियों और जनसहयोग ने मिलकर किया है। जिले के विभिन्न रेंजों में पौधरोपण कर वन महोत्सव को हर्षोल्लास से मनाया गया। बच्चों, शिक्षकों और स्थानीय संस्थानों की सक्रिय भागीदारी से इस अभियान को नई ऊर्जा और दिशा मिली।

उन्नत नर्सरियों से पौधों की आपूर्ति 

बादशाही बाग, खंडेर पौधशाला, कागरोल, डबल फाटक, गुलाबगंज और वन विभाग की अन्य प्रमुख नर्सरियों से इस वर्ष वृक्षारोपण महाभियान के लिए कंजी, नीम, शहतूत, अमरूद, आंवला, जामुन, मोहगनी, अनार जैसी प्रजातियों के पौधे तैयार कर बड़ी संख्या में विभिन्न विभागों को वितरित किए गए। नगर निगम, ग्राम विकास विभाग, कृषि विभाग, रेशम विभाग, नगर निकाय, स्वास्थ्य विभाग एवं उप प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जैसे विभागों ने इस महाभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रभागीय वन अधिकारी राजेश कुमार द्वारा सभी नर्सरी प्रभारियों को पौध उठान और लोडिंग के दौरान पौधों की सुरक्षा को लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए गए। विभागों को दिए गए पौधों की गुणवत्ता और समय पर आपूर्ति की भी सतत निगरानी की गई। विभागीय फीडबैक से कार्यों में पारदर्शिता आई और आपसी समन्वय मजबूत हुआ।

एत्मादपुर रेंज में RUDSETI संस्थान में मनाया गया वन महोत्सव

वन महोत्सव के अंतर्गत एत्मादपुर रेंज स्थित Rural Development and Self Employment Training Institute (RUDSETI), एत्मादपुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। संस्थान के निदेशक जितेन्द्र कुमार द्वारा बच्चों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। बच्चों को नीम, आंवला, जामुन और अमरूद सहित कुल 50 फलदार व छायादार पौधे वितरित किए गए। रेंज अधिकारी पुनीता यादव ने सभी छात्र-छात्राओं से पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण की रक्षा में योगदान देने की अपील की।

खेरागढ़ रेंज के विद्यालय में भी हुआ पौधरोपण

खैरागढ़ रेंज के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय, जगनेर, आगरा में वन महोत्सव के अवसर पर पौधरोपण कर बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया। रेंज अधिकारी सम्यक कैन ने छात्रों को जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और सभी छात्रों को उनकी देखभाल का संकल्प दिलाया गया।

जौपुरा में विद्यालय और इको क्लब का सहयोग

पूर्व माध्यमिक विद्यालय, जौपुरा में इको क्लब और विद्यालय के संयुक्त प्रयास से वन महोत्सव का आयोजन किया गया। रेंज अधिकारी कृपाशंकर ने बच्चों को वृक्षों की उपयोगिता समझाते हुए बताया कि वृक्ष हमें ऑक्सीजन, फल, फूल और लकड़ी प्रदान करते हैं और यह हमारे जीवन के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ वैश्विक जलवायु समस्याओं से निपटने में भी सहायता मिलती है। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को पौधों की नियमित देखभाल करने की शपथ दिलाई गई।


वन विभाग की अपील: पर्यावरण की रक्षा में सभी बनें भागीदार

वन विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं और उनकी देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण की इस ऐतिहासिक मुहिम में सहभागी बनें। विभाग का मानना है कि पौधरोपण सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भविष्य को सुरक्षित रखने का संकल्प है।


#AgraGreenMission #VanMahotsav2025 #TreePlantationDrive #EcoFriendlyAgra #GoGreenAgra #वन_महोत्सव #पौधरोपण_अभियान #AgraForestDept

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *