• Wed. Mar 4th, 2026

TODAY News Track

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

UP Board Exams 2026:नकल कराई तो एक करोड़ जुर्माना के साथ होगी उम्रकैद की सजा, केंद्र व्यपस्थापकों की मीटिंग में बोले डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी

ByToday NewsTrack

Feb 14, 2026
Spread the love

आगरा। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर शनिवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ विस्तृत मीटिंग की।

सूरसदन के प्रेक्षागृह में बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर केंद्र व्यवस्थापकों को संबोधित करते डीएम 

उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार होंगे और नकल कराने वाले छात्रों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में नकल पाए जाने पर जुर्माना एक करोड़ रुपए और उम्रकैद की सजा भी लग सकती है।

18 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि वे सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी को कड़ा करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन हो, इसके लिए सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहना होगा।


मीटिंग में जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों की तैयारियों, सीनियर और जूनियर स्टाफ की ड्यूटी, एंट्री प्वाइंट पर निगरानी, छात्र पहचान और आई कार्ड सत्यापन, स्ट्रांग रूम रिकॉर्डिंग, और आपातकालीन परिस्थितियों में पावर बैकअप की व्यवस्था जैसे सभी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जो भी कर्मचारी निर्देशों का पालन नहीं करेगा, वह जवाबदेह होगा।

जनपद में हाईस्कूल के 60371 परीक्षार्थियों में 32556 बालक एवं 27815 बालिकाएं तथा इंटरमीडिएट के 61551 परीक्षार्थियों में 35415 बालक एवं 26136 बालिकाएं शामिल होंगी। इस प्रकार कुल 121922 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे।
UP Board Exam 2026 officials receiving detailed instructions on exam security, anti-cheating, and smooth conduct from Agra DM Arvind Mallappa Bangari

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों से संवाद करते हुए स्पष्ट कहा कि यदि परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित केंद्र व्यवस्थापक व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह होंगे। छात्राओं की तलाशी के लिए महिला पुलिस कर्मी एवं शिक्षिकाओं की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं।


उन्होंने सभी जोनल, स्टेटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा बोर्ड द्वारा निर्धारित नियम-शर्तों के अनुरूप ही संपन्न कराई जाए। किसी भी स्तर पर की गई गलती अक्षम्य होगी। यदि कोई गड़बड़ी संज्ञान में आती है तो संबंधित के विरुद्ध व्यक्तिगत जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा उपलब्ध कराई गई बुकलेट में परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देश दिए गए हैं, अतः सभी अधिकारी उसे अवश्य पढ़ लें।


ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी समय से अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। यदि सभी अपने कर्तव्यों का सही निर्वहन करेंगे तो बोर्ड परीक्षा में किसी प्रकार की सेंधमारी संभव नहीं होगी। यदि किसी ने सेंधमारी का प्रयास किया तो उसके विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को स्ट्रांग रूम की फुलप्रूफ सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

ब्रीफिंग में पुलिस विभाग से समन्वय कर परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस सहित अन्य संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। नकल माफिया, फर्जी अभ्यर्थी और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूर्ण नियंत्रण के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू करने को कहा गया। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और कार्य की संवेदनशीलता को समझते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही को अक्षम्य बताया गया।

अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान ने जानकारी दी कि माध्यमिक शिक्षा परिषद उ०प्र० प्रयागराज द्वारा संचालित वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2026 को समाप्त होगी। नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण परीक्षा सुनिश्चित करने हेतु आगरा जनपद के 154 परीक्षा केंद्रों को 6 जोन एवं 15 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 172 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा 18 अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं।

सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने सेक्टर के परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा तिथि में प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक एवं अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। वे असामाजिक तत्वों पर निगाह रखते हुए अनुचित साधनों के प्रयोग की रोकथाम करेंगे तथा निरंतर भ्रमण, निरीक्षण एवं चेकिंग करते रहेंगे। किसी भी कठिनाई का त्वरित निराकरण किया जाएगा और उ०प्र० सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम 2024 के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा अवधि में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा परीक्षा केंद्रों पर अवांछित भीड़ एकत्रित न होने देने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों की होगी।

जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि परीक्षा व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन हेतु डीआईओएस कार्यालय में परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो परीक्षा अवधि में प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 9997156949 है।

ब्रीफिंग में यह भी स्पष्ट किया गया कि परीक्षा केंद्र परिसर के अंदर परीक्षार्थियों को पाठ्य सामग्री, पेजर, मोबाइल फोन, कैलकुलेटर आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सेक्टर मजिस्ट्रेट निरीक्षण के दौरान प्रश्नपत्रों की गोपनीयता सुनिश्चित करेंगे। यदि प्रश्नपत्रों के पूर्व प्रकटन की स्थिति सामने आती है तो दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी को अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी बनाया गया है।ब्रीफिंग में अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के लिए जिले में 154 परीक्षा केंद्र तैयार किए गए हैं। इन केंद्रों में 45 संवेदनशील और 18 अति संवेदनशील केंद्र शामिल हैं। इसके अलावा 91 सामान्य केंद्र भी बनाए गए हैं।

इनमें कुल 14 राजकीय विद्यालय, 81 सहायता प्राप्त विद्यालय और 59 वित्तविहीन विद्यालय परीक्षा केंद्र के बनाए गए हैं।

इस साल हाईस्कूल परीक्षा में 60,371 परीक्षार्थी और इंटरमीडिएट में 61,551 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिससे कुल 1,21,922 परीक्षार्थी होंगे। परीक्षा संचालन की निगरानी के लिए 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 172 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

 जिले में 5 सचल दल जिला स्तर पर, 6 मुख्य संकलन केंद्र, और 1 केंद्रीय संकलन केंद्र बनाया गए हैं। कुल 8,16,927 उत्तरपुस्तिकाओं की व्यवस्था की गई है और परीक्षा संचालन के लिए 7,015 कक्ष निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं।

————————————————————————————————————-

यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के प्रश्न पत्र आज रविवार से कड़ी सुरक्षा में परीक्षा केंद्रों पर भेजे जाएंगे। सभी प्रश्न पत्र डबल लॉक स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखे जाएंगे और कंट्रोल रूम से निगरानी के साथ नाइट विज़न कैमरों से भी मॉनिटर किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि सुबह 9 बजे प्रश्न पत्रों को बंद गाड़ी में पुलिस सुरक्षा में केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। स्ट्रांग रूम की चाबी केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के पास रहेगी और उनकी मौजूदगी में ताला खोला/बंद किया जाएगा।

परीक्षा सुबह 8.30 से 11.45 तक और दोपहर 2 से 5.15 बजे तक होगी। कंट्रोल रूम में सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक उदयभान सिंह, प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल रायभा (मोबाइल: 7300845852) और दोपहर 2 से रात 9 बजे तक रामशंकर, प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल बटेश्वर (मोबाइल: 6397776102) ड्यूटी करेंगे।

#UPBoardExam2026 #AgraEducation #DMBriefing #ExamSecurity #CopyFreeExam #BoardExamAgra #StudentSafety #EducationNews #ExamPreparation #AgraNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *