युवा स्वरोजगार योजना के 137 प्रस्ताव स्वीकृत,
एसबीआई की फतेहाबाद शाखा ने ऋण भुगतान रोका,
72.63 प्रतिशत रहा आगरा का ऋण-जमा अनुपात
आगरा। रोजगार शुरू करने के लिए बैंक से ऋण मिलने का इंतजार कर रहे युवाओं, पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता चाहने वाले विद्यार्थियों और अपना कारोबार बढ़ाने की तैयारी कर रहे छोटे उद्यमियों को अब बैंक शाखाओं के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए जिलाधिकारी ने बैंकों को लंबित आवेदन समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ऋण स्वीकृत होने के बाद भी भुगतान लंबित रखने पर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने एसबीआई की फतेहाबाद शाखा के प्रति कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल भुगतान जारी करने को कहा। वहीं, इंडियन ओवरसीज बैंक की धनौली शाखा में ऋण स्वीकृत नहीं किए जाने की शिकायत पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को जिला परामर्शदात्री समिति और जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीसीसी/डीएलआरसी) की सितंबर तिमाही की बैठक में शिक्षा ऋण, स्वरोजगार, किसान क्रेडिट कार्ड, मुद्रा, ओडीओपी समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।https://todaynewstrack.com/2026/11/agra-bank-loan-pending-files-dm-reprimand-payment-delayed-today-news-track/
जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सबसे पहले पिछली बैठक के कार्यवृत्त की जानकारी दी गई। इसके बाद जनपद के ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो), शैक्षिक ऋण, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी), मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और पीएमएफएमई सहित विभिन्न बैंकिंग एवं स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति देखी गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी ऋण योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। बैंक अनावश्यक रूप से आवेदन लंबित न रखें।
14 बैंकों का ऋण-जमा अनुपात 60 प्रतिशत से कम
बैठक में बताया गया कि सितंबर तिमाही में आगरा का ऋण-जमा अनुपात 72.63 प्रतिशत रहा। हालांकि, जिले में संचालित 14 बैंकों का ऋण-जमा अनुपात भारतीय रिजर्व बैंक के निर्धारित 60 प्रतिशत के मानक से अधिक और 14 बैंकों का इससे कम रहा।
जिलाधिकारी ने कम अनुपात वाले बैंकों से जवाब तलब किया। उन्होंने कहा कि बैंकों को जमा राशि के सापेक्ष ऋण वितरण में सुधार करना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक पात्र लोगों को आर्थिक गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता मिल सके।
शिक्षा के लिए 792 ऋण स्वीकृत
शैक्षिक ऋण की समीक्षा में बताया गया कि बैंकों ने 6290.40 लाख रुपये के कुल 792 ऋण स्वीकृत किए हैं, जबकि 5325.15 लाख रुपये के 2067 ऋण वितरित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने पात्र विद्यार्थियों के आवेदन प्राथमिकता से स्वीकृत करने और उन्हें शिक्षा के लिए ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस मामले में केनरा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और पंजाब नेशनल बैंक की प्रगति श्रेष्ठ रही।
युवा स्वरोजगार के 137 प्रस्ताव मंजूर
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में सितंबर माह के दौरान जनपद के लक्ष्य के सापेक्ष भेजी गई पत्रावलियों में 137 प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। जिलाधिकारी ने जीएम डीआईसी से प्राप्त आवेदनों और स्वीकृत आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली।
एसबीआई की फतेहाबाद शाखा में ऋण स्वीकृत होने के बावजूद भुगतान लंबित रखने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इंडियन ओवरसीज बैंक की धनौली शाखा से संबंधित ऋण स्वीकृति की शिकायत पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के लाभार्थियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना बैंकों की जिम्मेदारी है।http://agra-bank-loan-approval-payment-pending-cm-yuva-swarojgar-yojana
ओडीओपी में 99 और युवा उद्यमी योजना में 100 प्रस्ताव स्वीकृत
एक जनपद एक उत्पाद वित्तीय सहायता योजना के तहत सितंबर माह में 99 प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। इसमें केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और पंजाब नेशनल बैंक की प्रगति श्रेष्ठ रही। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 100 प्रस्ताव स्वीकृत किए गए।
इस योजना में बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक और भारतीय स्टेट बैंक की प्रगति श्रेष्ठ रही। जिलाधिकारी ने पात्र युवाओं को समय से ऋण उपलब्ध कराने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा।
कारीगरों और ग्रामीण उद्यमियों को भी ऋण के निर्देश
मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 की सितंबर तिमाही तक लक्ष्य के सापेक्ष 10 प्रस्ताव बैंकों को भेजे गए। जिलाधिकारी ने माटीकला से जुड़े कारीगरों को प्रोत्साहित करने, पारंपरिक कला के संरक्षण और रोजगार बढ़ाने के लिए ऋण प्रस्तावों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा।
मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना में सितंबर तिमाही तक 24 प्रस्ताव बैंकों को भेजे गए। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लोगों को ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुद्रा योजना में 99,685 ऋण स्वीकृत
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की समीक्षा में बताया गया कि जून तिमाही तक 107361.15 लाख रुपये के 99685 ऋण स्वीकृत किए गए। इसमें केनरा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और रत्नाकर बैंक की प्रगति श्रेष्ठ रही।
योजना की शिशु श्रेणी में बेहतर प्रगति मिली, जबकि तरुण श्रेणी में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित बैंकों को तरुण श्रेणी में भी ऋण वितरण बढ़ाने के निर्देश दिए।
किसान क्रेडिट कार्ड योजना की समीक्षा में जिलाधिकारी ने सभी पात्र आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण करने और केसीसी के नवीनीकरण की प्रक्रिया समयबद्ध पूरी करने को कहा। बैठक में क्रेडिट प्लस गतिविधियों, वित्तीय समावेशन, जिला क्रेडिट योजना (डीसीपी), वार्षिक क्रेडिट योजना (एसीपी), दीनदयाल अंत्योदय योजना और पीएम सूर्यघर योजना की भी समीक्षा की गई।
पीएमएफएमई योजना के तहत कुल लक्ष्य के सापेक्ष 155 आवेदन स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने बैंकों और विभागीय अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति बढ़ाने, वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता गतिविधियां चलाने और पात्र लाभार्थियों को ऋण सहित अन्य वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अमित कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक, अग्रणी जिला कार्यालय के अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और सभी बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
