आगरा। देश के अलग-अलग राज्यों से आए युवाओं ने अपनी लोक-संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और लोकगीतों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता की झलक प्रस्तुत की। वहीं, बौद्धिक सत्रों में उन्हें राष्ट्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास, अहिंसा और सामाजिक उत्तरदायित्व में युवाओं की भूमिका समझाई गई। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर (मध्य क्षेत्र) के छठे दिन की शुरुआत प्रभात फेरी और परेड अभ्यास से हुई। दिनभर अनुशासन और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियां चलीं। शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न राज्यों के स्वयंसेवकों ने अपनी परंपराओं और लोककलाओं के माध्यम से देश की सांस्कृतिक एकता का परिचय दिया।

शिविर की छठे दिन की प्रातःकालीन गतिविधियों का शुभारंभ अनुशासित और ऊर्जावान प्रभात फेरी के साथ हुआ। इसका नेतृत्व मध्य प्रदेश की टीम लीडर डॉ. अंजलि शर्मा और डॉ. एमए अंसारी ने किया। प्रभात फेरी के दौरान देशभक्ति के स्वरों से शिविर परिसर गुंजायमान रहा। इसमें शामिल स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से कदमताल करते हुए अनुशासन और एकजुटता का परिचय दिया। प्रभात फेरी के बाद स्वयंसेवकों को लयबद्ध परेड का अभ्यास कराया गया। अभ्यास के दौरान कदमताल, सामूहिक तालमेल और अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया गया। परेड में स्वयंसेवकों की एकता, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण दिखाई दिया।

शिविर के आयोजन और संचालन में कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पूनम तिवारी की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। उनके नेतृत्व में स्वयंसेवकों को विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिल रहे हैं। शिविर की रूपरेखा में शारीरिक गतिविधियों के साथ बौद्धिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी शामिल किया गया है, जिससे युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और नेतृत्व कौशल विकसित करने का अवसर मिल रहा है। युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इन गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही।

शारीरिक गतिविधियों के बाद पहले बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य वक्ता महर्षि परशुराम महिला महाविद्यालय, अलवर के प्राचार्य प्रो. डॉ. राजीव कुमार जैन रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए युवाओं की भूमिका, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय सहभागिता के महत्व पर विचार रखे। उन्होंने युवाओं के लिए व्यक्तिगत विकास के साथ सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता बताई। सत्र में स्वयंसेवकों को अपने व्यक्तित्व को बेहतर बनाने और राष्ट्र के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

दूसरे बौद्धिक सत्र में अहिंसा ग्रुप के चेयरमैन रोहित जैन मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने स्वयंसेवकों से संवाद करते हुए अहिंसा, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व के विभिन्न पहलुओं पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि युवाओं को समाज के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए और सेवा भाव को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए अपने कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए युवाओं को प्रेरित किया। इस सत्र में सामाजिक जीवन में नैतिक मूल्यों और अहिंसा की भूमिका को भी रेखांकित किया गया।
दिनभर की शारीरिक और बौद्धिक गतिविधियों के बाद शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न राज्यों से आए स्वयंसेवकों ने अपनी-अपनी लोक-संस्कृति और परंपराओं को मंच पर प्रस्तुत किया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को एक ही मंच पर देखने का अवसर मिला। प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वयंसेवकों ने अपने क्षेत्र की लोककलाओं और सांस्कृतिक विरासत से अन्य राज्यों के प्रतिभागियों को परिचित कराया। सांस्कृतिक संध्या ने शिविर में शामिल युवाओं को एक-दूसरे की परंपराओं और विविधताओं को समझने का अवसर भी दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशक समरदीप सक्सेना, युवा अधिकारी राजेश तिवारी, अश्वनी और प्रो. रामवीर सिंह चौहान सहित डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के अनेक प्राध्यापक, कार्यक्रम अधिकारी, छात्र-छात्राएं और विभिन्न राज्यों से आए स्वयंसेवक मौजूद रहे।http://`desh-bhar-ke-yuvaon-ne-dikhai-lok-sanskriti-ki-jhalak-rashtra-nirman-ka-liya-sankalp-agra-up-today-newstrack`
शिविर के छठे दिन डॉ. हेमलता, अश्वनी, रोशन सिंह, शिव कुमार मिश्रा, शिवम सारस्वत, कादिर और उत्कर्ष की सक्रिय सहभागिता रही। विभिन्न राज्यों से आए कार्यक्रम अधिकारियों की उपस्थिति भी रही। इनमें बिहार से डॉ. राजेश कुमार मिश्रा, झारखंड से कुमार प्रशांत भारती, छत्तीसगढ़ से डॉ. हिमानी तिवारी, उत्तराखंड से डॉ. प्रतिभा शाह, मध्य प्रदेश से डॉ. मीना और डॉ. तपेश तथा उत्तर प्रदेश से डॉ. एफएन मिश्रा शामिल रहे। कार्यक्रम अधिकारियों और विश्वविद्यालय के शिक्षकों की सहभागिता से शिविर की विभिन्न गतिविधियों का संचालन हुआ।
