18 टन कांस्य से तैयार हो रही 12 फीट ऊंची अश्वारोही प्रतिमा
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने दिए 38 लाख रुपये, नगर निगम 16 लाख से बनाएगा चबूतरा
आगरा। एमजी रोड पर स्पीड कलर लैब तिराहे से गुजरने वालों को जल्द ही घोड़े पर सवार वीर योद्धा महाराणा राणा सांगा की भव्य प्रतिमा दिखाई देगी। मंगलवार को प्रतिमा स्थापना के लिए विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। यह स्थान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास से महज 50 मीटर दूर है।
राज्यसभा में राणा सांगा को लेकर दिए गए सांसद के बयान के बाद भाजपा और सपा नेताओं के बीच शुरू हुए विवाद के बीच इस स्थान पर प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया था। प्रतिमा स्थापना की पहल एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने की, जबकि तिराहे का नाम राणा सांगा चौक करने का प्रस्ताव भाजपा पार्षद शरद चौहान ने नगर निगम सदन में रखा था। अब शासन से मंजूरी मिलने के बाद प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा और भाजपा विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह मौजूद रहे। विधि-विधान से पूजन किया गया। इस दौरान राणा सांगा के जयकारों से एमजी रोड गूंज उठा। प्रतिमा घोड़े पर सवार मुद्रा में होगी। इसकी ऊंचाई करीब 12 फीट और वजन लगभग 18 टन बताया गया है। कांस्य से तैयार की जा रही प्रतिमा का निर्माण लखनऊ में कराया जा रहा है।https://todaynewstrack.com/2026/11/rana-sanga-statue-mg-road-agra/
विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने प्रतिमा के लिए 38 लाख रुपये आवंटित किए हैं। प्रतिमा स्थापना की जिम्मेदारी पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की होगी। वहीं, आगरा नगर निगम की ओर से 16 लाख रुपये खर्च करके प्रतिमा स्थल का फाउंडेशन तैयार कराया जाएगा।
यहां ग्रेनाइट का चबूतरा बनाया जाएगा और सुरक्षा के लिए स्टील की रेलिंग लगाई जाएगी। विधायक ने प्रतिमा के लिए नौ लाख रुपये का आर्थिक सहयोग देने वाले नीरू जादौन का स्वागत करते हुए धन्यवाद दिया।
सांसद के बयान के बाद शुरू हुआ था विवाद
राणा सांगा की प्रतिमा स्थापना के पीछे मार्च 2025 में राज्यसभा में हुआ राजनीतिक विवाद भी प्रमुख घटनाक्रम है। 21 मार्च 2025 को राज्यसभा में सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने बाबर और राणा सांगा को लेकर टिप्पणी की थी।
उन्होंने कहा था कि भाजपा नेता मुसलमानों में बाबर का डीएनए होने की बात करते हैं, जबकि बाबर को भारत में इब्राहिम लोदी से लड़ने के लिए राणा सांगा ने बुलाया था। अपने भाषण में उन्होंने राणा सांगा के लिए ‘गद्दार’ शब्द का इस्तेमाल किया था। इस टिप्पणी पर भाजपा नेताओं और राजपूत संगठनों ने विरोध जताया था।

सांसद के बयान के बाद आगरा में भी विरोध प्रदर्शन शुरू हुए। 26 मार्च 2025 को करणी सेना के कार्यकर्ता सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर पहुंच गए। प्रकाशित घटनाक्रम के अनुसार, कार्यकर्ता करीब 50 वाहनों से आगरा पहुंचे थे और उनके साथ दो बुलडोजर भी थे। बड़ी संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने सांसद के आवास के बाहर हंगामा, पथराव और तोड़फोड़ की।
घर के बाहर खड़े 10 से अधिक वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में 14 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। घटना के समय सांसद रामजीलाल सुमन दिल्ली में थे। इस घटना के बाद राजनीतिक तनाव और बढ़ गया था।
पार्षद ने रखा था नामकरण का प्रस्ताव, विधायक ने प्रतिमा के लिए की पहल
स्पीड कलर लैब तिराहे का नाम राणा सांगा चौक करने का प्रस्ताव भाजपा पार्षद शरद चौहान ने नगर निगम सदन में रखा था। आठ सितंबर को हुई सदन की बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने बताया कि नगर निगम सदन में पार्षद शरद चौहान की ओर से रखा गया प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ था। इसके बाद तिराहे का नाम राणा सांगा के नाम पर रखने का निर्णय लिया गया।
वहीं, एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने प्रतिमा स्थापना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखने के बाद पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को पत्र लिखकर स्पीड कलर लैब तिराहे पर राणा सांगा की अश्वारोही प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की। शासन से मंजूरी मिलने के बाद प्रतिमा निर्माण और स्थल तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू हुई।
क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान ने कहा कि तिराहे को राणा सांगा के नाम पर करने और वहां उनकी प्रतिमा स्थापित कराने के पीछे उनका उद्देश्य वीर योद्धा के इतिहास और सम्मान को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि सपा सांसद रामजीलाल सुमन का आवास इसी तिराहे के पास है। http://rana-sanga-statue-bhoomi-pujan-agra
सांसद जब भी यहां से गुजरेंगे तो राणा सांगा चौक और उनके इतिहास को याद करेंगे। शरद चौहान ने अपने बयान में कहा कि सपा सांसद को जवाब देने के लिए ही इस स्थान का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि सांसद जब भी घर से बाहर निकलेंगे तो उन्हें राणा सांगा की प्रतिमा दिखाई देगी।
महापौर बोलीं, प्रमुख चौराहों पर लगेंगी महापुरुषों की प्रतिमाएं
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने कहा कि आगरा नगर निगम ने स्पीड कलर लैब तिराहे का नाम वीर योद्धा राणा सांगा के नाम पर करने का निर्णय लिया था। अब यहां उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित होने जा रही है। नगर निगम ने शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर महापुरुषों की प्रतिमाएं लगाने की योजना बनाई है। इनके नामकरण के साथ ही चौराहों का सुंदरीकरण कराया जाएगा। प्रमुख स्थानों पर रंगीन लाइटें भी लगाई जाएंगी।
कौन हैं रामजीलाल सुमन, 26 वर्ष की उम्र में बने थे सांसद
रामजीलाल सुमन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। उनका जन्म 25 जुलाई 1950 को उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र के बहरदोई गांव में हुआ था। उन्होंने कम उम्र में ही राजनीति में कदम रखा और 1977 में जनता पार्टी के टिकट पर फिरोजाबाद लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। उस समय उनकी उम्र करीब 26 वर्ष थी।
वर्ष 1989 में जनता दल के टिकट पर फिरोजाबाद से लोकसभा चुनाव जीता। वर्ष 1991 में चंद्रशेखर सरकार में उन्हें श्रम, कल्याण, महिला कल्याण और बाल विकास से जुड़े विभागों में केंद्रीय राज्य मंत्री बनाया गया। वर्ष 1992 में समाजवादी पार्टी के गठन के बाद वह मुलायम सिंह यादव के करीबी सहयोगियों में शामिल हो गए।
वर्ष 1999 और 2004 में उन्होंने समाजवादी पार्टी के टिकट पर फिरोजाबाद लोकसभा सीट से जीत दर्ज की। वर्ष 2014 में उन्होंने हाथरस लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन जीत नहीं सके। वर्ष 2024 में समाजवादी पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा। वर्तमान में वह राज्यसभा सांसद और सपा के राष्ट्रीय महासचिव हैं। उन्हें मुलायम सिंह यादव के विश्वासपात्र नेताओं में गिना जाता रहा है। पार्टी के संगठनात्मक कामकाज में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
राज्यसभा में क्या बोले थे रामजीलाल सुमन
21 मार्च 2025 को राज्यसभा में अपने भाषण के दौरान रामजीलाल सुमन ने बाबर और राणा सांगा को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि भाजपा नेताओं का तकिया कलाम हो गया है कि मुसलमानों में बाबर का डीएनए है। फिर हिंदुओं में किसका डीएनए है? बाबर को कौन लाया? बाबर को भारत में इब्राहिम लोदी को हराने के लिए राणा सांगा लाया था।
उन्होंने आगे कहा था कि यदि मुसलमानों को बाबर की औलाद कहा जाता है तो हिंदुओं को राणा सांगा की औलाद क्यों नहीं कहा जाता। उन्होंने बाबर की आलोचना और राणा सांगा के इतिहास को लेकर सवाल उठाए थे। इस बयान पर राजनीतिक विवाद हुआ और भाजपा नेताओं के साथ विभिन्न राजपूत संगठनों ने इसका विरोध किया। इसके बाद आगरा में उनके आवास पर करणी सेना के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन और तोड़फोड़ हुई।https://youtu.be/6lIRmB-I7M0
कौन थे महाराणा राणा सांगा, 19 साल तक किया मेवाड़ पर शासन
महाराणा राणा सांगा का वास्तविक नाम संग्राम सिंह प्रथम था। वह मेवाड़ के सिसोदिया राजपूत राजवंश के शासक थे। उनके पिता राणा रायमल थे। उनका जन्म 15वीं शताब्दी के अंतिम वर्षों में माना जाता है, हालांकि जन्म वर्ष को लेकर इतिहासकारों के विवरण में अंतर है। उन्होंने वर्ष 1509 के आसपास मेवाड़ की गद्दी संभाली और 1528 तक शासन किया। उस समय मेवाड़ की राजधानी चित्तौड़गढ़ थी, जो वर्तमान राजस्थान में स्थित है।
राणा सांगा को मध्यकालीन भारत के प्रमुख राजपूत शासकों में गिना जाता है। उन्होंने मेवाड़ की सैन्य और राजनीतिक शक्ति का विस्तार किया। राजस्थान के कई राजपूत शासकों को एकजुट कर उन्होंने एक शक्तिशाली संघ तैयार किया। उनके प्रभाव का विस्तार मालवा, गुजरात और दिल्ली सल्तनत तक था। उन्होंने दिल्ली के लोदी शासकों और मालवा के सुल्तानों से कई युद्ध लड़े।
1517 में इब्राहिम लोदी से हुआ खातोली का युद्ध
राणा सांगा के शुरुआती प्रमुख युद्धों में वर्ष 1517 का खातोली युद्ध महत्वपूर्ण माना जाता है। इसमें उनका मुकाबला दिल्ली के सुल्तान इब्राहिम लोदी की सेना से हुआ था। खातोली वर्तमान राजस्थान के क्षेत्र में स्थित है। इस युद्ध में राणा सांगा की सेना ने लोदी सेना को पीछे हटने पर मजबूर किया। युद्ध में राणा सांगा को भी गंभीर चोटें आई थीं। उनके एक हाथ पर तलवार का वार लगा और पैर में तीर लगने के कारण उन्हें जीवनभर लंगड़ाकर चलना पड़ा।
इसके बाद इब्राहिम लोदी ने मेवाड़ के खिलाफ एक और सैन्य अभियान किया। वर्ष 1518-19 के आसपास धौलपुर क्षेत्र में दोनों सेनाओं के बीच संघर्ष हुआ। इस युद्ध में भी राणा सांगा की सेना ने अपनी स्थिति मजबूत रखी और लोदी सेना को पीछे हटना पड़ा।
1519 में गागरोन के युद्ध में महमूद खिलजी को हराया
वर्ष 1519 में राणा सांगा का मुकाबला मालवा के सुल्तान महमूद खिलजी द्वितीय से गागरोन के युद्ध में हुआ। गागरोन का किला वर्तमान राजस्थान के झालावाड़ जिले में है। इस युद्ध में राणा सांगा की सेना ने जीत दर्ज की और महमूद खिलजी को बंदी बना लिया। बाद में उसे रिहा कर दिया गया। इस जीत से मेवाड़ का राजनीतिक प्रभाव मालवा क्षेत्र में बढ़ा। राणा सांगा ने अपने सहयोगी मेदिनी राय को मालवा के कुछ क्षेत्रों का प्रशासन सौंपा था।
बयाना की जीत के बाद बाबर से खानवा में हुआ मुकाबला
राणा सांगा के जीवन का सबसे चर्चित युद्ध 17 मार्च 1527 को खानवा में हुआ। यह युद्ध मुगल शासक बाबर और राणा सांगा के नेतृत्व वाले राजपूत संघ के बीच लड़ा गया था। इससे पहले बाबर के भारत आने और दिल्ली में सत्ता स्थापित करने के बाद राणा सांगा ने उसके बढ़ते प्रभाव को चुनौती दी थी। फरवरी 1527 में बयाना के क्षेत्र में राणा सांगा की सेना ने बाबर की अग्रिम सेना को पीछे हटाया था।
इसके बाद दोनों सेनाओं का आमना-सामना खानवा में हुआ। बाबर की सेना के पास तोपखाना, बंदूकें और संगठित सैन्य व्यवस्था थी। राणा सांगा के नेतृत्व में राजपूत शासकों के साथ कुछ अफगान सरदार भी शामिल थे। युद्ध में राणा सांगा घायल हुए और राजपूत सेना को पराजय का सामना करना पड़ा। इस जीत के बाद उत्तर भारत में बाबर की सत्ता और मजबूत हुई।
वर्ष 1528 में राणा सांगा का निधन हो गया। उनका जीवन मेवाड़ की शक्ति बढ़ाने, राजपूत शासकों को संगठित करने और मध्यकालीन भारत की प्रमुख सैन्य शक्तियों से संघर्ष करने के लिए याद किया जाता है। आगरा में उनके नाम पर स्थापित होने वाली प्रतिमा के जरिए शहर के प्रमुख मार्ग पर उनके इसी ऐतिहासिक व्यक्तित्व और शौर्य को स्थान दिया जाएगा।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में क्षत्रिय सभा के अध्यक्ष डॉ. अनिल चौहान, पीली कोठी वाले कुंवर दिनेश प्रताप सिंह, संरक्षक कपूर चंद सिकरवार, विजयपाल सिंह, दिनेश सिकरवार, धनवीर सिंह तोमर, राजीव चौहान, आरपी सिंह, आरके सिंह राघव, मुनेंद्र जादौन, पंकज चौहान, जितेंद्र सिकरवार, दनवीर सिंह, ज्योति जादौन, पार्षद अनुराग चतुर्वेदी, विक्रांत कुशवाहा, हेमलता, चौहान, प्रवीण राजावत, गौरा देवी सिकरवार, विवेक तोमर और राजा गोस्वामी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पार्षद शरद चौहान और गजेंद्र परमार ने किया।
