आगरा। त्योहारों पर बाजार से मिठाई, खोया, पनीर और सरसों का तेल खरीद रहे हैं तो सावधान रहें। खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने खेरागढ़ से लेकर आगरा शहर तक अभियान चलाया।
टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से खोया, बूंदी लड्डू, पेड़ा, बालूशाही, बेसन लड्डू, आटा लड्डू, पनीर और सरसों के तेल समेत 16 नमूने जांच के लिए लिए। वहीं नगला पदी में एक खाद्य कारोबारी के यहां से 400 लीटर सरसों का तेल सीज किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 72 हजार रुपये बताई गई है।
खेरागढ़ में टीम को देखते ही मची अफरा तफरी
आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए पांच नवंबर को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की।
उप जिलाधिकारी खेरागढ़ के निर्देश पर टीम ने तहसील क्षेत्र के ग्राम रहेलाई, ग्राम बिरथला और खेरागढ़ बाजार में खाद्य प्रतिष्ठानों और खोया विक्रेताओं का निरीक्षण किया। ग्राम रहलाई में खोया विक्रेता रामकिशोर, दारा सिंह और श्याम सुंदर से खोया के एक-एक नमूने लिए गए। ग्राम बिरथला में खोया विक्रेता श्यामवीर सिंह और अचल सिंह के यहां से भी खोया के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए।

खेरागढ़ बाजार में ऊंटगिर रोड स्थित जय माता दी मिष्ठान भंडार के विक्रेता अनिल बघेल से बूंदी लड्डू का नमूना लिया गया। मां कैला देवी स्वीट्स के विक्रेता हेमंत बंसल से पेड़ा का नमूना संग्रहित किया गया।
मुख्य चौराहा, थाने के पास स्थित फतेहपुरिया हलवाई के विक्रेता सतीश चंद्र मित्तल से खोया का नमूना लिया गया। दाऊजी मिष्ठान भंडार के विक्रेता विष्णु कुमार से बूंदी लड्डू और विक्रेता सुनील बंसल से खोया का एक-एक नमूना लिया गया। अग्रवाल मिष्ठान भंडार के विक्रेता राहुल बंसल से भी बूंदी लड्डू का नमूना संग्रहित किया गया।https://todaynewstrack.com/2026/11/agra-up-news-fsda-raid-diwali-16-food-samples-400-litres-mustard-oil-seized/
सेवला मेें खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। यहां अग्रवाल मिष्ठान भंडार से आटा लड्डू, दीपक स्वीट से बालूशाही और महालक्ष्मी स्वीट से बेसन लड्डू का एक-एक नमूना लिया गया। मारुति स्टेट स्थित हिंदुस्तान डेयरी से पनीर का नमूना भी जांच के लिए संग्रहित किया गया।

नगला पदी में 400 लीटर सरसों का तेल सीज
इसी क्रम में टीम ने नगला पदी, दयालबाग स्थित खाद्य कारोबारी राजकुमार के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां सरसों के तेल का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। मौके पर उपलब्ध 400 लीटर सरसों के तेल को सीज कर दिया गया। विभाग के अनुसार सीज किए गए तेल की अनुमानित कीमत 72 हजार रुपये है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त महेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि अनुसार पांच नवंबर को चलाए गए अभियान में कुल 16 नमूने संग्रहित किए गए। इनमें खोया के छह, बूंदी लड्डू के तीन तथा पेड़ा, आटा लड्डू, बालूशाही, बेसन लड्डू, पनीर और सरसों के तेल के एक-एक नमूने शामिल हैं।
सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनपद में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

दूध, खोया और पनीर खरीदने से पहले जांच लें ये 15 बातें, घर पर ऐसे पहचानें खराब खाद्य पदार्थ
. दूध की शुद्धता कैसे जांचें?
- रंग और गंध: शुद्ध दूध का रंग सामान्यतः सफेद या हल्का क्रीमी होता है। उसमें असामान्य गंध या खट्टापन नहीं होना चाहिए।
- स्वाद: दूध का स्वाद सामान्य और हल्का मीठापन लिए होता है। कड़वा या असामान्य स्वाद होने पर उसका सेवन न करें।
- पानी की मिलावट: दूध में पानी मिलाने से उसकी वसा और ठोस पदार्थों की मात्रा कम हो सकती है। केवल रंग या गाढ़ेपन से इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती।
- खराब होने की जांच: दूध को गर्म करने पर यदि असामान्य तरीके से फट जाए तो वह खराब हो सकता है। हालांकि फटना हमेशा मिलावट का प्रमाण नहीं है।
- खरीदारी: खुले दूध के बजाय विश्वसनीय विक्रेता से दूध लें। पैक दूध की एक्सपायरी और पैकिंग जरूर देखें।
ऐसे पहचानें खोया की शुद्धता
- रंग देखें: सामान्य खोया सफेद से हल्का क्रीम रंग का होता है। बहुत ज्यादा चमकदार या असामान्य रंग होने पर सावधानी बरतें।
- गंध पर ध्यान दें: खोया में दूध की सामान्य खुशबू होनी चाहिए। खट्टी, बासी या अजीब गंध वाला खोया न खरीदें।
- बनावट जांचें: खोया सामान्यतः मुलायम और दानेदार हो सकता है। बहुत ज्यादा चिपचिपा, असामान्य रूप से सख्त या पानी छोड़ता हुआ खोया संदिग्ध हो सकता है।
- स्वाद में सावधानी: कड़वापन, खट्टापन या असामान्य स्वाद मिलने पर उसे न खाएं।
- भंडारण देखें: खुले में रखा, मक्खियों के संपर्क में आया या गर्मी में लंबे समय तक रखा खोया खरीदने से बचें।
- पक्की जांच: स्टार्च, कृत्रिम पदार्थ या दूसरे गैर-दुग्ध पदार्थों की मिलावट केवल देखकर या चखकर नहीं पकड़ी जा सकती।
ऐसे जांचें पनीर की शुद्धता
- रंग देखें: ताजा पनीर सामान्यतः सफेद या हल्का क्रीम रंग का होता है। उसमें असामान्य धब्बे नहीं होने चाहिए।
- बनावट जांचें: पनीर सामान्यतः मुलायम और हल्का स्पंजी होता है। बहुत ज्यादा चिकना, चिपचिपा या असामान्य रूप से रबड़ जैसा पनीर सावधानी से खरीदें।
- गंध पहचानें: ताजे पनीर में हल्की दूध जैसी खुशबू होती है। खट्टी या सड़ी हुई गंध मिलने पर उसे न खाएं।
- स्वाद पर ध्यान दें: कड़वा, खट्टा या असामान्य स्वाद खराब होने का संकेत हो सकता है।
- पानी की स्थिति: पनीर में रखा पानी गंदा, बदबूदार या असामान्य दिखे तो उसे खरीदने से बचें।
- ठंडा रखने की व्यवस्था: पनीर को उचित तापमान पर रखा जाना चाहिए। लंबे समय तक खुले में रखा पनीर जल्दी खराब हो सकता है।
आम लोगों के लिए सबसे जरूरी बात
शक होने पर खाद्य पदार्थ का सेवन न करें।खरीदारी का बिल और पैकेट सुरक्षित रखें।संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारी से शिकायत करें।खाद्य पदार्थ की वास्तविक शुद्धता की पुष्टि प्रयोगशाला जांच से ही होती है।
