दीपावली और छठ पूजा पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे का विशेष अभियान,
डॉग स्क्वॉड और स्निफर डॉग से प्लेटफॉर्म, ट्रेनों और स्टेशन परिसर की जांच
आगरा। दीपावली और छठ पूजा पर ट्रेनों में पटाखे, पेट्रोल, केरोसिन और गैस सिलेंडर जैसी ज्वलनशील सामग्री लेकर सफर करने वालों पर रेलवे सुरक्षा बल की नजर है। त्योहारों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आगरा रेल मंडल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर और ट्रेनों की जांच की जा रही है। डॉग स्क्वॉड और स्निफर डॉग की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की जा रही है।https://todaynewstrack.com/2026/11/agra-train-firecrackers-petrol-checking-diwali-chhath/
आगरा कैंट स्टेशन पर बृहस्पतिवार को आरपीएफ और जीआरपी की टीमों ने संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में यात्रियों के सामान की जांच की गई। संदिग्ध स्थानों पर भी तलाशी ली गई। जांच के दौरान पटाखे, गैस सिलेंडर, पेट्रोल, केरोसिन सहित अन्य ज्वलनशील और विस्फोटक सामग्री पर विशेष नजर रखी गई, ताकि कोई यात्री प्रतिबंधित सामग्री लेकर ट्रेन में सफर न कर सके।

इसी क्रम में मथुरा जंक्शन पर भी रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने डॉग स्क्वॉड और स्निफर डॉग की सहायता से स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों की सघन जांच की।
यात्रियों के सामान की तलाशी लेने के साथ ही संदिग्ध स्थानों को भी चेक किया गया। अभियान का उद्देश्य ज्वलनशील और विस्फोटक सामग्री को रेल परिसर और ट्रेनों में अवैध रूप से ले जाने से रोकना तथा त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टालना है।
इससे पहले चार नवंबर को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट आगरा छावनी की टीम ने मथुरा जंक्शन के विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर चेकिंग अभियान चलाया था। इस दौरान गाड़ी संख्या 12137, 12618 और 64955 की भी सघन जांच की गई थी। तीनों ट्रेनों में यात्रियों के सामान की तलाशी ली गई। जांच के दौरान किसी भी यात्री के पास ज्वलनशील अथवा विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी।http://agra-cantt-mathura-railway-station-security-checking-firecrackers
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। यात्रियों की सुरक्षित रेल यात्रा और रेल परिसरों में किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए रेलवे सुरक्षा बल की ओर से विशेष जांच एवं निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं। आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर भी इसी के तहत चेकिंग की जा रही है।

उन्होंने बताया कि अभियान में पटाखे, गैस सिलेंडर, पेट्रोल, केरोसिन और अन्य ज्वलनशील एवं विस्फोटक सामग्री को ट्रेन और रेल परिसर में ले जाने से रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। त्योहारों के दौरान इस तरह की जांच और निगरानी लगातार जारी रहेगी, जिससे यात्रियों की सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित की जा सके।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेल परिसर और ट्रेनों में किसी भी प्रकार की ज्वलनशील अथवा विस्फोटक सामग्री लेकर यात्रा न करें। किसी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी मिलने पर तत्काल आरपीएफ अथवा जीआरपी को सूचित करें। यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया है।
