नशे में ट्रक चला रहे चालक के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा, पीछे से एक के बाद एक टकराए तीन ट्रक, दो चालक घायल
फतेहाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक ट्रक चालक की लापरवाही तीन ट्रकों की भिड़ंत का कारण बन गई। आगे चल रहे ट्रक के चालक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रहा ट्रक उसमें जा घुसा। इसी दौरान पीछे से आए तीसरे ट्रक ने भी टक्कर मार दी।
हादसे में एक ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। पुलिस और यूपीडा की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे में दो अन्य चालक घायल हो गए। घायलों को अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।http://Agra-News-UP-News-Expressway-Truck-Collision-Driver-Death

हादसा रविवार रात करीब 2:30 बजे थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 22.300 पर हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेंद्र पुत्र देवी सिंह निवासी सेरीपुर, थाना उज्जैन, जिला भरतपुर ट्रक में इटावा से धान लादकर गुजरात जा रहा था।
उसके साथ उसका भाई रवि परिचालक के रूप में था। रास्ते में एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रहा ट्रक संभल नहीं सका और आगे वाले ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।https://todaynewstrack.com/2026/10/agra-lucknow-expressway-three-truck-accident-driver-death/
केबिन में फंस गया चालक
दो ट्रकों की टक्कर के दौरान चालक राजीव (29) पुत्र नरपाल निवासी चडरा लालपुर, थाना महोली, जिला सीतापुर केबिन में बुरी तरह फंस गया। इसी बीच पीछे से आ रहे तीसरे ट्रक ने भी बीच वाले ट्रक में टक्कर मार दी। लगातार हुई टक्करों से मौके पर अफरातफरी मच गई।

तीसरे ट्रक को सोनाराम पुत्र बाकाराम निवासी दारासर, थाना चोहटा, जिला बाड़मेर, राजस्थान चला रहा था। हादसे में राजेंद्र और सोनाराम घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। केबिन में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए टीम ने प्रयास शुरू किए। ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण चालक को निकालने में मशक्कत करनी पड़ी।
करीब आधे घंटे की कोशिश के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे में घायल राजेंद्र और सोनाराम को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

क्रेन से हटवाए क्षतिग्रस्त ट्रक
तीन ट्रकों की भिड़ंत के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों के सड़क पर होने से आवागमन में परेशानी हुई। पुलिस और यूपीडा की टीम ने क्रेन की मदद से तीनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को एक्सप्रेसवे से हटवाया। इसके बाद यातायात सुचारु कराया गया।
यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी प्रथम सोबरन सिंह ने बताया कि आगे चल रहे ट्रक का चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। उसके अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रहे ट्रक एक के बाद एक टकरा गए। हादसे में एक चालक की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं।

