गैस रिसाव के बाद कमरे में फैली आग, लपटों में फंसीं
दो महिलाओं को बचाने पहुंचा युवक भी झुलसा; तीनों अस्पताल में भर्ती
आगरा। लोहामंडी क्षेत्र के नगला गंगाराम में बृहस्पतिवार रात खाना बनाते समय गैस रिसाव से मकान में आग लग गई। आग देखते ही देखते कमरे में फैल गई और वहां मौजूद दो महिलाएं इसकी चपेट में आ गईं। उन्हें बचाने के लिए बबलू आग के बीच कमरे में पहुंच गया।https://todaynewstrack.com/
उसने पहले अपनी मां को बाहर निकाला और फिर दूसरी महिला को भी सुरक्षित बाहर ले आया। दोनों को बचाने के दौरान बबलू भी झुलस गया। इसी बीच आग की चपेट में आया गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके से मकान की छत उड़ गई। हादसे में तीन लोग झुलसे हैं। सभी को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
खाना बनाते समय गैस का रिसाव
नगला गंगाराम में सोनू का मकान है। इसमें बबलू अपने तीन भाइयों और परिवार के साथ किराये पर रहता है। बृहस्पतवार रात करीब नौ बजे घर में खाना बनाया जा रहा था। बबलू की पत्नी मंजू रसोई में थीं। इसी दौरान गैस की पाइप में रिसाव हो गया। रेग्युलेटर से निकल रही गैस कमरे में फैलने लगी।
पास में मकान मालिक की पत्नी रेनू भी खाना बना रही थीं। बबलू की 75 वर्षीय मां मिथलेश भी वहीं मौजूद थीं। रसोई के चूल्हे की आग गैस के संपर्क में आते ही भड़क उठी। कुछ ही पलों में कमरे में आग फैल गई।
आग की लपटों में फंस गईं महिलाएं
अचानक लगी आग से घर में अफरा-तफरी मच गई। मिथलेश और रेनू आग की लपटों के बीच फंस गईं। परिवार के लोग उन्हें बाहर निकालने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान बबलू कमरे में पहुंचा।https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/agra/
आग की परवाह किए बिना वह अंदर गया और सबसे पहले अपनी मां मिथलेश को बाहर निकाला। मां को बाहर लाने के बाद वह दोबारा कमरे में गया। रेनू की साड़ी में भी आग लगी थी। बबलू ने उन्हें भी पकड़कर कमरे से बाहर निकाल लिया।
दोनों महिलाओं को बचाने के दौरान बबलू के शरीर पर भी आग लग गई और वह झुलस गया। पड़ोसियों ने भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।
सिलेंडर फटने से मची अफरा-तफरी
लोग आग बुझाने में जुटे थे, तभी मकान के अंदर रखा सिलेंडर आग की चपेट में आ गया। कुछ ही देर बाद तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। धमाका इतना तेज था कि मकान की छत उड़ गई। आसपास के घरों तक धमाके की आवाज सुनाई दी।
धमाके के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। घर के अंदर रखा सामान भी आग में जल गया। लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
दमकल ने पहुंचकर बुझाई आग
सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद घर में फंसे सामान और मलबे को हटाया गया। हादसे के कारण मकान को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से हादसे के बारे में जानकारी ली। प्रारंभिक तौर पर गैस पाइप में रिसाव के बाद आग लगने की बात सामने आई है।
मां की हालत गंभीर
हादसे में बबलू की मां मिथलेश, रेनू और बबलू झुलसे हैं। तीनों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। परिजनों के मुताबिक मिथलेश करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गई हैं। उनकी हालत गंभीर बताई गई है। बबलू और रेनू का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सुबह ही भरवाकर लाया गया था सिलेंडर
बबलू के बड़े भाई संजू ने बताया कि वह सुबह ही गैस सिलेंडर भरवाकर घर लाए थे। सिलेंडर घर में रखने के बाद वह काम पर चले गए। रात करीब नौ बजे बबलू ने फोन कर घर में आग लगने और मां के झुलसने की जानकारी दी।
संजू के अनुसार, परिवार के लोग जब घर पहुंचे तो आग बुझाई जा चुकी थी, लेकिन मकान में रखा काफी सामान जल चुका था। धमाके से छत को भी नुकसान पहुंचा था। घटना के बाद देर रात तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
