आगरा। “मंगल भवन अमंगल हारी, द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी…” रामचरितमानस की यह चौपाई इन दिनों जनकपुरी के माहौल से जैसे मेल खाती नजर आ रही है। घर-द्वार सज चुके हैं, गलियों में तोरण और बंदनवार लग गए हैं, जनक मंच तैयार हो चुका है और पूरा क्षेत्र मिथिला नगरी के स्वरूप में ढल गया है। अब जनकपुरी के लोगों को इंतजार है प्रभु श्रीराम के आगमन का। उत्तर भारत के प्रसिद्ध ऐतिहासिक जनकपुरी महोत्सव-2026 में 3 से 10 अक्टूबर तक धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों की श्रृंखला चलेगी। इस दौरान आमंत्रण यात्रा, मेहंदी-संगीत और हल्दी की रस्म, माता जानकी का डोला, गौरा पूजन, श्रीराम बारात का स्वागत, तुलसी-शालिग्राम विवाह, बड़हार की दावत, भजन संध्या, स्वरूप दर्शन और विदाई के साथ जनक मंच पर संगीतमय रामायण की जीवंत प्रस्तुति होगी। माता जानकी के डोले में हजारों महिलाएं एक समान परिधान में शामिल होंगी, जबकि अंतिम दिन सम्मान समारोह के साथ कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति-2026 के अध्यक्ष राजू यादव ने बताया कि 3 अक्टूबर से धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। जनकपुरी कार्यालय में पिछले एक माह से अधिक समय से प्रतिदिन भगवान श्रीराम की आरती और हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा है। इससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्सव का वातावरण बना हुआ है। विभिन्न आयोजनों को लेकर भावना एस्टेट स्थित जनकपुरी महोत्सव कार्यालय में आमंत्रण पत्र का विमोचन भी किया गया।
3 अक्टूबर को दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी। हजारों वाहनों के साथ निकलने वाली यात्रा के माध्यम से शहरवासियों को जनकपुरी महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा। लोगों से परिवार सहित प्रभु श्रीराम की बारात और श्रीराम-जानकी विवाहोत्सव में शामिल होने का आग्रह किया जाएगा। यात्रा का विश्राम नीम करोली बाबा मंदिर पर सुंदरकांड पाठ के साथ होगा।
जनकपुरी महिला समिति की अध्यक्ष अमृता पोरवाल ने बताया कि इस बार समिति की हजारों महिलाएं माता जानकी के डोले में शामिल होंगी। 6 अक्टूबर को निकलने वाले डोले के लिए तैयारियां चल रही हैं। आरती संयोजिका शीतल अग्रवाल ने बताया कि महिलाएं एक समान ड्रेस कोड में शामिल होंगी। सभी सखियां एक जैसी साड़ी पहनकर माता जानकी के डोले की शोभा बढ़ाएंगी। महिला समिति की मुख्य संरक्षक आरती शर्मा और मुख्य संयोजिका शुचि खंडेलवाल ने बताया कि मेहंदी कार्यक्रम में भी समिति की सदस्य एक समान परिधान में शामिल होंगी। पारंपरिक विवाह संस्कारों में महिलाओं की सामूहिक भागीदारी से जनकपुरी का वातावरण मिथिला नगरी जैसा दिखाई देगा।
5 अक्टूबर को राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल के एंथम, आवास विकास कॉलोनी स्थित निवास पर मेहंदी, संगीत और हल्दी की रस्में आयोजित की जाएंगी। मुख्य संयोजक मनोज बंसल और मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल ने बताया कि कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध लोक गायिका तृप्ति शाक्या प्रस्तुति देंगी।
6 अक्टूबर को गणपति किंग्स काउंटी से माता जानकी का डोला गौरा पूजन और नगर दर्शन के लिए निकलेगा। मुख्य संरक्षक संतोष कटारा और स्वागत अध्यक्ष अरविंद शर्मा ने बताया कि डोले के आगे भगवान गणेश की सवारी और राजा जनक की बग्गी रहेगी। इसके बाद ओंकारेश्वर मंदिर में गौरा पूजन होगा। यहां श्रद्धालुओं को माता जानकी के स्वरूप के दर्शन होंगे।
7 अक्टूबर को जनकपुरी महोत्सव का प्रमुख आयोजन होगा। महामंत्री मनोज जादौन और कोषाध्यक्ष आकाश ग्वाला ने बताया कि सुबह छह बजे गणपति किंग्स काउंटी पर भगवान श्रीराम की बारात का स्वागत और अगवानी की जाएगी। विश्राम के बाद प्रभु श्रीराम के स्वरूप को चांदी के रथ पर विराजमान कर नगर दर्शन कराया जाएगा। इसके बाद बारात कावेरी कौस्तुंभ स्थित जनमासे पहुंचेगी। मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह ने बताया कि सुबह 11 बजे भावना एस्टेट स्थित भावनेश्वर मंदिर में तुलसी-शालिग्राम विवाह समारोह होगा। जनक मंच से श्रीराम और अन्य स्वरूपों के दर्शन होंगे। नासिक का लाइव बैंड गणेश वंदना प्रस्तुत करेगा, जबकि इंडिया गॉट टैलेंट की टीम हनुमान स्तुति पेश करेगी।
8 अक्टूबर को राम रघु आनंदा के सामने पारंपरिक बड़हार की दावत होगी। महिला समिति की अनीता यादव ने बताया कि शाम को सुप्रसिद्ध गायक कुमार विशु श्रीराम भजन संध्या प्रस्तुत करेंगे। भक्ति संगीत की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु रामभक्ति में सराबोर होंगे।
9 अक्टूबर को श्रद्धालुओं के लिए स्वरूप दर्शन का आयोजन किया जाएगा। सिम्मी शर्मा और रुचि बंसल ने बताया कि रात में स्वरूपों की विदाई होगी।
10 अक्टूबर को जनकपुरी महोत्सव का समापन सम्मान समारोह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होगा। महोत्सव के मुख्य मार्गदर्शक अजय गर्ग अवागढ़ ने बताया कि पूरे जनकपुरी क्षेत्र में उड़ते हुए हनुमान और वानर सेना के दर्शन भी होंगे। जनक मंच पर रामलीला मंचन की संगीतमय एवं जीवंत प्रस्तुति होगी। सुप्रसिद्ध लाडी संगीत मेकर द्वारा रामायण की संगीतमय नाट्य प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें प्रभु श्रीराम की भूमिका गौरव खन्ना, हनुमान की भूमिका बिंदु दारा सिंह, रावण की भूमिका आर्य बब्बर और सीता मैया की भूमिका प्राची कामले निभाएंगी। कार्यक्रम में तुषार कालिया शिव तांडव की विशेष प्रस्तुति देंगे। इसके साथ सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभा दिखाने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन और मार्गदर्शक अशोक गुप्ता ने बताया कि पुरुषोत्तम दास सावित्री देवी कैंसर केयर एंड रिसर्च सेंटर के बगल में प्रमुख पार्किंग स्थल रहेगा। इसके अलावा गुरुद्वारा राम रघु आनंदा के पास भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। पार्किंग स्थलों से श्रद्धालुओं को इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से जनकपुरी के मुख्य द्वार तक पहुंचाया जाएगा। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वीआईपी यातायात व्यवस्था के लिए पुरुषोत्तम दास सावित्री देवी कैंसर केयर एंड रिसर्च सेंटर से भावना एस्टेट गेट नंबर-2 की तरफ मार्ग निर्धारित रहेगा।
राजू यादव ने कहा कि प्रभु श्रीराम और माता जानकी के विवाहोत्सव की परंपरा आगरा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा है। इस बार जनकपुरी को इस तरह सजाया गया है कि यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को मिथिला नगरी का अनुभव हो। उन्होंने शहरवासियों से परिवार सहित जनकपुरी पहुंचकर राम और जानकी के स्वरूपों के दर्शन करने तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में सहभागी बनने का आह्वान किया।
महोत्सव के कार्यक्रमों में 3 अक्टूबर को आमंत्रण यात्रा, 5 अक्टूबर को मेहंदी, संगीत और हल्दी की रस्म तथा तृप्ति शाक्या की प्रस्तुति, 6 अक्टूबर को माता जानकी का डोला, गौरा पूजन और नगर दर्शन, 7 अक्टूबर को श्रीराम बारात का स्वागत, नगर दर्शन, तुलसी-शालिग्राम विवाह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, 8 अक्टूबर को बड़हार की दावत और कुमार विशु की भजन संध्या, 9 अक्टूबर को स्वरूप दर्शन और विदाई तथा 10 अक्टूबर को सम्मान समारोह, संगीतमय रामायण और तुषार कालिया का शिव तांडव होगा।
इस अवसर पर अंकुश मित्तल, सतीश ठाकुर, धीरज शर्मा, प्रशांत जैन, शालिनी पोरवाल, सीमा सिंह, दीप्ति अग्रवाल, रितु अग्रवाल, मिशी यादव और प्रियंका ठाकुर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
