आगरा। जिला सूचना कार्यालय में मददगार के पद पर कार्यरत कोमल सिंह ने 60 वर्ष की अधिवर्षता आयु पूरी कर बुधवार को 40 वर्ष की सेवा के बाद सेवानिवृत्ति ली। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी और कार्यालय कर्मचारियों ने उन्हें फूलमाला पहनाकर भावभीनी विदाई दी। सहकर्मियों ने उनके चार दशक के सेवाकाल में निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ किए गए कार्यों को याद किया और उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सुखमय पारिवारिक जीवन की कामना की।

जिला सूचना अधिकारी शीलेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि कोमल सिंह की सेवानिवृत्ति का दिन कार्यालय परिवार के लिए भावुक करने वाला है। उन्होंने कहा कि एक ओर खुशी है कि कोमल सिंह ने अपने जीवन के 40 अनमोल वर्ष पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ राष्ट्र और विभाग की सेवा में समर्पित किए, वहीं दूसरी ओर उनके कार्यालय से विदा होने के बाद अनुभवी मार्गदर्शन, मुस्कान और अपनापन पहले जैसा नहीं रहेगा।

उन्होंने कहा कि 40 वर्ष का सेवाकाल एक पूरे युग के समान है। कोमल सिंह ने जब सेवा शुरू की थी, तब से अब तक तकनीक और कार्यालयी व्यवस्थाओं में काफी बदलाव आया। समय के साथ कार्यप्रणाली बदली और लोगों की कार्यशैली में भी परिवर्तन हुआ, लेकिन काम के प्रति कोमल सिंह की निष्ठा कभी नहीं बदली।
शीलेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि कोमल सिंह की पहचान समय से पहले कार्यालय पहुंचने, प्रत्येक फाइल को अपनी जिम्मेदारी समझकर काम करने और नए साथियों को छोटे भाई की तरह सिखाने से बनी। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने धैर्य बनाए रखा। सहकर्मियों ने उन्हें कभी थकते हुए नहीं देखा। उन्होंने कहा कि कोमल सिंह केवल कर्मचारी नहीं थे, बल्कि सूचना विभाग परिवार के प्रत्येक कार्मिक के लिए अभिभावक की भूमिका में रहे।
जिला सूचना अधिकारी ने कहा कि लंबे सेवाकाल के दौरान कोमल सिंह का अनुभव और व्यवहार कार्यालय के कर्मचारियों के लिए हमेशा उपयोगी रहा। उनके साथ काम करने वाले सहकर्मियों के बीच उनके सहज स्वभाव और अपनत्व की छाप रही। सेवानिवृत्ति के अवसर पर कार्यालय परिवार की ओर से उनके स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखमय पारिवारिक जीवन के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
विदाई के दौरान कार्यालय के कर्मचारियों और परिवारीजनों की मौजूदगी में उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर प्रधान सहायक दिलशाद, कंप्यूटर ऑपरेटर चंदन कुमार भारती, अनुसेवक अंकित कुमार, शंभू, वाहन चालक गौरव वर्मा, नाइट वॉचमैन सत्यदेव सहित परिवारीजन मौजूद रहे।
