फतेहाबाद। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान यमुना के तेज बहाव को देखते हुए पुलिस ने घाटों पर सुरक्षा इंतजाम शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद इमरान अहमद ने यमुना के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी अनहोनी को रोकने के लिए घाटों पर बैरियर लगाने और यमुना नदी के किनारे प्रतिमा विसर्जन के लिए गड्ढे खुदवाने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों से गहरे पानी और यमुना के तेज बहाव में न जाने की अपील की गई। शराब पीकर अथवा डीजे लेकर प्रतिमा विसर्जन के लिए नहीं जाने की भी हिदायत दी गई।

सहायक पुलिस आयुक्त इमरान अहमद ने मंगलवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर स्वारा, शंकरपुर घाट, भोलपुरा, बरीपुरा सिकरारा और समोगर समेत विभिन्न यमुना घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विसर्जन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि इन घाटों पर पुलिस की ओर से बैरियर लगाए जाएंगे। यमुना नदी के पास ही प्रतिमा विसर्जन के लिए गड्ढे भी खुदवाए जाएंगे, ताकि लोगों को नदी के गहरे पानी में जाने की जरूरत न पड़े और किसी अनहोनी घटना की आशंका को कम किया जा सके।
पुलिस के अनुसार इस समय यमुना में पानी अधिक है और नदी का बहाव भी तेज है। ऐसे में प्रतिमा विसर्जन के लिए आने वाले लोगों को नदी के अंदर प्रवेश नहीं करने की हिदायत दी गई है। श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थान पर ही प्रतिमा विसर्जित करने और सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने को कहा गया है।
एसीपी इमरान अहमद ने बताया कि घाटों का निरीक्षण कर लिया गया है। बैरिकेडिंग लगवाने और प्रतिमा विसर्जन के लिए गड्ढे खुदवाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यमुना का बहाव अधिक होने के कारण नदी में प्रवेश न करें। इसके अलावा शराब का सेवन कर प्रतिमा विसर्जन के लिए नहीं जाएं और डीजे बजाकर विसर्जन के लिए जाने से भी बचें।

