आगरा। ताजनगरी में 21 और 22 सितंबर को देशभर के विवाह उद्यमियों, विशेषज्ञों और कारोबारियों का बड़ा जमावड़ा होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्सपो-2026 आयोजित किया जाएगा, जिसमें 2000 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। दो दिवसीय आयोजन में विवाह उद्योग की नई संभावनाओं, पर्यटन, आतिथ्य, खानपान, सजावट, मनोरंजन और डिजिटल बदलाव से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। 50 से अधिक विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे, जबकि एक्सपो में फैशन, डेकोरेशन, एंटरटेनमेंट और विवाह आयोजन से जुड़ी सेवाओं के 50 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजन की औपचारिक घोषणा शिल्पग्राम रोड स्थित होटल ताज आगरा में दीप प्रज्वलन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई।
घोषणा समारोह का शुभारंभ संस्था के संरक्षक राजेश गोयल, मार्गदर्शन एवं पर्यटन समिति के सदस्य सुनील जैन, अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी, महासचिव संदीप उपाध्याय, उपाध्यक्ष सौरभ सिंघल, पंकज गोयल, पीयूष सिंघल, तरुण अग्रवाल और होटल ताज आगरा के जनरल मैनेजर राजेश चक्रवर्ती ने दीप प्रज्वलित कर किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कॉन्क्लेव एवं एक्सपो के आयोजन की घोषणा की गई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास और पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए आगरा को वेडिंग सिटी के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण है। ताजमहल की वैश्विक पहचान के साथ यहां भव्य विवाह समारोहों के लिए बड़े अवसर हैं। उन्होंने बताया कि कॉन्क्लेव और एक्सपो का यह लगातार दूसरा संस्करण है। पिछले आयोजन की सफलता के बाद इस बार इसे ज्यादा व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विवाह उद्योग से जुड़े उद्यमियों को एक मंच पर लाकर आपसी सहयोग, नए कारोबारी अवसर और उद्योग के विस्तार को बढ़ावा देना है।
महासचिव संदीप उपाध्याय ने बताया कि कॉन्क्लेव में 50 से अधिक विशेषज्ञ अपने अनुभव और विचार रखेंगे। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, चेन्नई, कर्नाटक, राजस्थान, झारखंड, मध्य प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से विवाह उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि पहुंचेंगे। एक्सपो में आगरा के अलावा अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, मथुरा और आसपास के क्षेत्रों के उन एक हजार से अधिक परिवारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जिनके घरों में विवाह समारोह होने वाले हैं। फैशन, डेकोरेशन, एंटरटेनमेंट और विवाह आयोजन से जुड़ी अन्य सेवाओं के 50 से अधिक स्टॉल एक्सपो में लगाए जाएंगे।
उपाध्यक्ष सौरभ सिंघल ने बताया कि कॉन्क्लेव में देशभर के विशेषज्ञ विवाह उद्योग के बदलते स्वरूप और भविष्य की संभावनाओं पर विचार रखेंगे। वक्ताओं में ऋतुराज खन्ना, महावीर शर्मा, प्रीतेश शर्मा, गीतिका गंजूधर और अरशद हुसैन सहित अन्य विशेषज्ञ शामिल होंगे। उपाध्यक्ष पंकज गोयल ने बताया कि 21 सितंबर को पहले दिन पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह एक्सपो का उद्घाटन करेंगे। 22 सितंबर को मुख्य सचिव अमृत अभिजात विवाह उद्योग से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर मार्गदर्शन देंगे।
पहले दिन कॉन्क्लेव का विषय ‘विवाह उद्योग का व्यवसाय’ होगा। इसमें विवाह उद्योग के व्यावसायिक अवसरों के साथ पर्यटन, आतिथ्य, मिठाइयों, मनोरंजन और डिजिटल बदलाव से जुड़े सत्र होंगे। ‘प्यार के शहर से विवाहों के शहर तक: भारत के अगले बड़े वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में आगरा की नई पहचान’, ‘मिठास का अनूठा संगम: विवाह की मिठाइयों में परंपरा और नवाचार’, ‘प्लेटफॉर्म की ताकत: विवाह उद्योग को आकार देते आयोजन और सम्मेलन’, ‘मनोरंजन में क्रांति: कलाकार, तकनीक और विवाह समारोहों का भविष्य’ तथा ‘रील्स से वास्तविक व्यावसायिक अवसरों तक: सोशल मीडिया, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल प्लेटफॉर्म से बदलता विवाह कारोबार’ जैसे विषयों पर चर्चा होगी। शाम को वैवाहिक उद्यम के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले उद्यमियों को ऑल इंडिया आइकन अवॉर्ड 2026 प्रदान किए जाएंगे।
दूसरे दिन का विषय ‘विवाह उद्योग के समग्र तंत्र को आकार देना’ रखा गया है। इसमें उत्तर प्रदेश की पर्यटन नीति, आतिथ्य उद्योग, खानपान, डिजाइन और डेकोरेशन से जुड़े विषयों पर विमर्श होगा। प्रमुख सत्रों में ‘उत्तर प्रदेश की पर्यटन नीति को समझना: प्रदेश को निवेश के अनुकूल बनाना’, ‘उत्तर प्रदेश में आतिथ्य उद्योग का भविष्य: व्यावसायिक मांग और अवसर’, ‘बैंक्वेट से आगे: विवाह समारोहों में खानपान के बदलते अनुभव’ और ‘फूलों से आगे: आधुनिक विवाहों में डिजाइन, सजावट और अनुभवों का विकास’ शामिल हैं।
होटल ताज कन्वेंशन आगरा के जनरल मैनेजर राजेश चक्रवर्ती ने बताया कि दो दिवसीय आयोजन में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक स्वाद आगंतुकों को परोसे जाएंगे। ब्रज की मेजबानी के साथ प्रदेश की विविध खानपान परंपराओं का अनुभव भी देशभर से आने वाले प्रतिनिधियों को कराया जाएगा।
उद्घोषणा समारोह में पंकज गोयल, शिरीष सिन्हा, सनी गुप्ता, आशीष अरोड़ा, होटल ताज आगरा के यूनिट सेल्स से सुनील चौधरी, स्वप्निल कुलश्रेष्ठ, हर्ष सिसोदिया, कीर्ति कुलश्रेष्ठ, कमलप्रीत सिंह, विनीत गोयल, संदीप सिकरवार, प्रांजल भार्गव, अनिल सविता, अपरार्क शर्मा और दिलीप कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
