आगरा। पीएनजी का बुनियादी ढांचा उपलब्ध होने के बावजूद बड़ी संख्या में घरों में एलपीजी का इस्तेमाल जारी है। इसे बदलने के लिए जिला पूर्ति विभाग, ग्रीन गैस लिमिटेड (GGL) और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMC) ने समन्वित पहल शुरू की है। जिले में पीएनजी सुविधा वाली 64 बहुमंजिला सोसायटियों के 5,806 घरों में नोटिस पहुंचाए जा चुके हैं। इनमें 90 दिन की नोटिस अवधि पूरी कर चुकी चार सोसायटियों अपर्णा रिवर व्यू, फ्रेंड्स आशियाना, फ्रेंड्स पैराडाइज और मातंगी टावर से एलपीजी उपभोक्ताओं का विवरण GGL को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद GGL संबंधित निवासियों से संपर्क कर उन्हें पीएनजी पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा। वहीं गैसीकृत क्षेत्रों के करीब 3,600 ऐसे पीएनजी उपभोक्ताओं को भी बकाया भुगतान कर आपूर्ति बहाल कराने के लिए नोटिस दिए गए हैं, जिनके कनेक्शन बकाया बिल के कारण कटने के बाद उन्होंने दोबारा एलपीजी का इस्तेमाल शुरू कर दिया था।
पीएनजी को बढ़ावा देने और चिन्हित सोसायटियों व घरों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार एलपीजी-मुक्त घोषित करने की पहल को लेकर जिला पूर्ति अधिकारी आनन्द कुमार सिंह ने GGL, BPCL, HPCL और IOCL के प्रतिनिधियों के साथ PCC बैठक की। बैठक में GGL के ग्रीन गैस मार्केटिंग प्रबंधक समित पाण्डेय, किशन सिंह, सूर्य प्रकाश गुप्ता, IOCL के विनीत कुमार, HPCL के रोहित कुमार और BPCL के विक्रय प्रबंधक श्लोक गुप्ता के साथ तीनों गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में नोटिस वितरण, उपभोक्ता जागरूकता और GGL तथा OMC के बीच समन्वय की प्रगति पर जानकारी ली गई। जिला पूर्ति अधिकारी ने संबंधित पक्षों को तय समय में प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा, ताकि जिन घरों में पीएनजी की सुविधा उपलब्ध है, वहां के निवासी इसका इस्तेमाल शुरू कर सकें।
जिले में पीएनजी का बुनियादी ढांचा उपलब्ध होने वाली 64 बहुमंजिला सोसायटियों को चिन्हित किया गया है। GGL के अनुसार सभी 64 सोसायटियों में नोटिस चस्पा करने का काम पूरा हो चुका है। इसके साथ ही 5,806 घरों में व्यक्तिगत रूप से नोटिस पहुंचाए गए हैं। संबंधित तेल विपणन कंपनियों ने भी अपने एलपीजी उपभोक्ताओं को नोटिस वितरित करना शुरू कर दिया है।
बैठक में उन सोसायटियों में एलपीजी आपूर्ति की स्थिति भी देखी गई, जहां 90 दिन की नोटिस अवधि पूरी हो चुकी है। OMC ने मौजूदा सप्ताह में शुरुआती तौर पर चार सोसायटियों के उपभोक्ताओं का विवरण GGL को देने पर सहमति जताई। इनमें अपर्णा रिवर व्यू, फ्रेंड्स आशियाना, फ्रेंड्स पैराडाइज और मातंगी टावर शामिल हैं। उपभोक्ता विवरण मिलने के बाद GGL निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित निवासियों से संपर्क करेगा।
इसके अलावा गैसीकृत क्षेत्रों में करीब 3,600 पीएनजी उपभोक्ताओं की स्थिति पर भी बैठक में जानकारी ली गई। इन उपभोक्ताओं के पीएनजी कनेक्शन बकाया बिल के कारण पहले काट दिए गए थे। इसके बाद उन्होंने दोबारा एलपीजी का इस्तेमाल शुरू कर दिया। GGL की ओर से इन उपभोक्ताओं को बकाया राशि जमा करने और पीएनजी आपूर्ति बहाल कराने के लिए पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इस प्रक्रिया में संबंधित OMC के साथ भी समन्वय किया जा रहा है।
a
