फतेहाबाद।भारतीय किसान यूनियन (चौधरी चरण सिंह) ने ‘हर बच्चा सरकारी विद्यालय’ अभियान के तहत जन-जागरूकता बैठक आयोजित कर अभिभावकों को सरकारी स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूक किया। बैठक में शिक्षकों और संगठन के पदाधिकारियों ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की, जबकि स्कूल का भ्रमण करने के बाद अभिभावकों ने भी सरकारी विद्यालयों पर भरोसा जताया।

भारतीय किसान यूनियन (चौधरी चरण सिंह) के ‘हर बच्चा सरकारी विद्यालय’ अभियान के तहत शनिवार को ग्राम धौर्रा और नगरचंद अहीरपुरा के प्राथमिक विद्यालय में जन-जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभिभावकों, शिक्षकों और संगठन के पदाधिकारियों ने सरकारी शिक्षा को सुदृढ़ बनाने पर खुलकर संवाद किया।

बैठक के दौरान अभिभावकों ने बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। इस पर शिक्षकों ने उन्हें आश्वस्त किया कि विद्यालय में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए अभिभावकों का सहयोग भी आवश्यक है।
इसके बाद प्रधानाचार्य संजीव यादव ने अभिभावकों और ग्रामीणों को विद्यालय परिसर का भ्रमण कराया। इस दौरान उन्होंने स्कूल में उपलब्ध स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और अंतरिक्ष प्रयोगशाला जैसी आधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी। विद्यालय में उपलब्ध इन सुविधाओं को देखकर अभिभावक काफी प्रभावित हुए और उन्होंने अपने बच्चों को नियमित रूप से सरकारी विद्यालय भेजने का भरोसा दिया।
भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रवक्ता प्रदीप सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल नामांकन बढ़ाना नहीं, बल्कि सरकारी विद्यालयों और समाज के बीच विश्वास को मजबूत करना है। वहीं युवा तहसील अध्यक्ष जोगी गुर्जर ने अभियान को प्रत्येक गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठक में राहुल कुशवाह, रजनी सिन्हा, रामबरन वर्मा, जयप्रकाश यादव और निहाल सिंह सहित संगठन के पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

