फतेहाबाद। तहसील क्षेत्र के ग्राम पूठपुरा में सड़क दुर्घटना के बाद पुलिस पर हुए पथराव और बड़ी संख्या में लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने पीड़ित परिवारों के समर्थन में आवाज बुलंद की है। मंगलवार को संगठन के तहसील अध्यक्ष अवधेश ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की तथा उन्हें हरसंभव सहायता और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

बताया गया कि 15 जून को फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर ग्राम पूठपुरा के निकट थार गाड़ी और ट्रैक्टर की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। इसी दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके बाद पथराव की घटना सामने आई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 23 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
भाकियू नेताओं ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। तहसील अध्यक्ष अवधेश ठाकुर ने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने से गांव में भय और असमंजस का माहौल है। संगठन किसी भी निर्दोष व्यक्ति के उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं करेगा और जरूरत पड़ने पर किसानों व ग्रामीणों के हित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यों पर आधारित जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो, लेकिन निर्दोष लोगों को मुकदमों में फंसाने से बचा जाए। भाकियू प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि संगठन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा।
इस अवसर पर तहसील प्रवक्ता गोविंद सैंथिया, रामलाल वर्मा, छोटेलाल वर्मा, मुन्नालाल, वासुदेव, चंद्रमोहन, भारत सिंह सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

