फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के गांव पारोली सिकरवार में चचेरी बहन की शादी के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक का शव पेड़ पर लटका मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। घटना ऐसे समय हुई जब घर में शादी की खुशियां थीं और दो दिन बाद मृतक के भाई की बारात भी जानी थी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार गांव पारोली सिकरवार निवासी 30 वर्षीय लोकमन पुत्र पप्पू का शव मंगलवार सुबह गांव के बाहर एक नीम के पेड़ पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि लोकमन के चाचा सत्यभान की बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था और बारात विदाई की तैयारियां की जा रही थीं। इसी बीच सुबह युवक का शव पेड़ पर लटका मिलने की खबर से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
परिजनों के अनुसार शादी समारोह के दौरान फोटो और वीडियो बनाने को लेकर लोकमन का फोटोग्राफर से विवाद हो गया था। इसके बाद देर रात करीब तीन बजे तक उसे परिवार के लोगों ने देखा था। इसके बाद वह कहीं दिखाई नहीं दिया। मंगलवार सुबह उसका शव नीम के पेड़ पर लटका मिला।
मृतक विवाहित था। परिजनों ने बताया कि घर में एक ओर बहन की विदाई की तैयारियां चल रही थीं, वहीं 25 जून को उसके भाई राकेश की बारात भी जानी थी। ऐसे में इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
सूचना मिलने पर फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने परिजनों से बातचीत की, लेकिन परिवार ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से भी मना कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित रूप में दिया गया है कि वे किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं और पोस्टमार्टम भी नहीं कराना चाहते। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। जिस घर में शादी की रस्में और उत्सव का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं और रिश्तेदार उन्हें ढांढस बंधाने में जुटे हैं।

