आगरा। मेट्रो यात्रियों की संख्या बढ़ाने और सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने के लिए लखनऊ, कानपुर और आगरा में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। नए ऑटो-टेम्पो फीडर रूट, अतिरिक्त पार्किंग स्थल, शटल बस सेवा और ऐप आधारित अंतिम मील कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने की योजना तैयार की गई है। बैठक में मेट्रो सेवाओं को अधिक सुविधाजनक और जनसुलभ बनाने पर जोर दिया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप मेट्रो एवं सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेट्रो सेवाओं और सिटी ट्रांसपोर्ट के बीच बेहतर तालमेल, अंतिम मील कनेक्टिविटी और यात्रियों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में मेट्रो यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए नए फीडर रूट और पार्किंग सुविधाओं को अंतिम रूप दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ में करीब 71, कानपुर में 24 और आगरा में 19 नए पार्किंग स्थलों की पहचान कर ली गई है। नगर निगम की ओर से इन पार्किंग स्थलों के लिए निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मेट्रो स्टेशनों तक यात्रियों की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए नए ऑटो और टेम्पो सर्कुलर रूट तय किए गए हैं। लखनऊ में 29, कानपुर में 50 और आगरा में 27 नए रूटों को स्वीकृति दी गई है। इन रूटों पर नए ऑटो और टेम्पो स्टॉप भी बनाए जाएंगे ताकि यात्रियों को मेट्रो स्टेशनों तक आने-जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में यह भी तय किया गया कि मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान सोशल मीडिया, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड और अन्य जनसंचार माध्यमों के जरिए संचालित होगा। इसका उद्देश्य लोगों को निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
सरकारी आवासीय कॉलोनियों और प्रमुख कार्यालयों को नजदीकी मेट्रो स्टेशनों से जोड़ने के लिए चरणबद्ध तरीके से शटल बस सेवा शुरू करने पर भी सहमति बनी। अधिकारियों का कहना है कि इससे सरकारी कर्मचारियों और आम नागरिकों दोनों को बेहतर प्रथम और अंतिम मील कनेक्टिविटी मिलेगी।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा ऐप आधारित मोबिलिटी सेवाओं को भी मजबूत करने की योजना तैयार की जा रही है। UTU Mobility जैसी सेवाओं के माध्यम से यात्रियों को अंतिम मील परिवहन सुविधा बेहतर तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा ओला, उबर और रैपिडो जैसी सेवाओं के साथ भी समन्वय कर यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एमडी सुशील कुमार ने कहा कि मेट्रो सेवाओं को और अधिक आसान और जनसुलभ बनाने के लिए अंतिम मील कनेक्टिविटी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि विभिन्न मेट्रो स्टेशनों के आसपास पर्याप्त पार्किंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी ताकि लोग अपने निजी वाहन सुरक्षित पार्क कर मेट्रो सेवा का अधिक उपयोग कर सकें।
उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी और पार्किंग सुविधाओं से सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और शहरों में ट्रैफिक दबाव भी कम होगा। इसके साथ ही प्रदूषण नियंत्रण और ईंधन बचत में भी मदद मिलेगी।
बैठक के अंत में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेट्रो सेवाओं को आम लोगों के लिए और अधिक सुविधाजनक बनाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर तेजी से काम किया जाएगा।
