आगरा। कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित बल्केश्वर मंदिर के सामने मंगलवार सुबह यमुना नदी में बड़ा हादसा हो गया। जन्मदिन समारोह में शामिल होने आए 6 युवक-युवतियां नदी में नहाने उतरे, लेकिन गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगे।
हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 को बचा लिया गया। मृतकों में 19 वर्षीय महक, 22 वर्षीय कान्हा, 17 वर्षीय रिया और 11 वर्षीय विक्की शामिल हैं। सभी सोमवार रात आयोजित एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने आए थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस, गोताखोरों और राहत टीम ने घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। घटना के बाद परिवारों में मातम पसरा है।

मंगलवार को यमुना नदी में नहाने गए युवक-युवतियों के साथ बड़ा हादसा हो गया। कमला नगर थाना क्षेत्र के बल्केश्वर मंदिर के सामने नदी में नहाने उतरे 6 लोग गहरे पानी में चले गए। इनमें से 4 की डूबने से मौत हो गई, जबकि 2 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घाट पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के मुताबिक, एत्माद्दौला क्षेत्र के विद्यापुरम निवासी सौरभ की बेटी नित्या का जन्मदिन था। इस कार्यक्रम में रिश्तेदार और परिचित शामिल होने आए थे। हाथरस से महक (19) पुत्री कालीचरण, अंशू (20) पुत्री कालीचरण, कान्हा (22) पुत्र रिंकू सिंह और रिया (17) पुत्री मनोज भी परिवार के साथ कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। वहीं 11 वर्षीय विक्की भी अपने परिवार के साथ मौजूद था।

सोमवार रात जन्मदिन समारोह खुशी-खुशी संपन्न हुआ। मंगलवार सुबह भीषण गर्मी के चलते सभी युवक-युवतियों ने यमुना नदी में नहाने का कार्यक्रम बना लिया। सुबह करीब 11 बजे सभी बल्केश्वर मंदिर के सामने घाट पर पहुंचे और एक साथ नदी में उतर गए। शुरुआत में सब सामान्य था, लेकिन कुछ ही देर में सभी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
घाट पर मौजूद लोगों ने जब उन्हें बचाने के लिए चीखते देखा तो हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस, राहत टीम और गोताखोर मौके पर पहुंच गए। इसके बाद नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने महक, अंशू, कान्हा, रिया और काजल को नदी से बाहर निकाला। सभी की हालत गंभीर थी। घायलों को तुरंत एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने महक, कान्हा और रिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं अंशू और काजल की हालत गंभीर बनी रही, लेकिन उन्हें बचा लिया गया।
इधर 11 वर्षीय विक्की नदी में लापता हो गया था। पुलिस और गोताखोर लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे। करीब 5 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद विक्की का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। विक्की की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक, विक्की अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता राकेश ने बताया कि चार बेटियों के बाद बड़ी मन्नतों और दुआओं के बाद बेटा हुआ था। अब उसकी मौत से पूरा परिवार टूट गया है। राकेश ने बताया कि बच्चे बिना बताए नदी में नहाने चले गए थे।
वहीं कान्हा के परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया गया कि करीब 9 महीने पहले कान्हा के पिता रिंकू उर्फ आकाश की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। परिवार किसी तरह खुद को संभाल रहा था, लेकिन अब कान्हा की मौत ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह भी घटनास्थल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। पुलिस अधिकारियों ने भी परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया।
डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि यमुना नदी में डूबने से 4 बच्चों की मौत हुई है, जबकि 2 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी में नहाते समय सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें।
