आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कोतवाली वार्ड में बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे निर्माण को सील कर दिया। यह कार्रवाई प्रवर्तन टीम द्वारा की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

एडीए द्वारा अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में दिनांक 02.05.2026 को प्राधिकरण क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड-कोतवाली में एक निर्माण के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे निर्माण को लेकर की गई।
प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली वार्ड स्थित किनारी बाजार में सैनिक प्रेस फाटक के ऊपर अमित जैन द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कार्य कराया जा रहा था। यह निर्माण कार्य प्राधिकरण के नियमों का उल्लंघन करते हुए किया जा रहा था, जिस पर संज्ञान लेते हुए एडीए ने अधिनियम की धारा-28’क’ (1) के तहत भवन को सील कर दिया। बताया गया कि यह कार्रवाई प्रभारी प्रवर्तन के निर्देशन में की गई। इस दौरान सहायक अभियंता और अवर अभियंता के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और सचल दस्ते के सहयोग से पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया गया।

एडीए अधिकारियों का कहना है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नियमों के खिलाफ है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर ऐसे अवैध निर्माणों की जांच कर कार्रवाई की जा रही है, ताकि शहर में नियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सके।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अन्य अवैध निर्माण करने वालों में भी खलबली मची हुई है। एडीए ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों को जारी रखा जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।

