• Wed. Apr 22nd, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Fatehabad News: बारातियों को पीटा, दुल्हन ने शादी से किया इनकार, तीन घायल

Wedding clash in Fatehabad village; guests and hosts fight, three injured, police control situation, bride refuses marriage, barat returns empty-handed.हाथों में मेहंदी लगाये बैठी दुल्हन और साथ में बैठे उसके माता-पिता
Spread the love

फतेहाबाद। थाना डौकी क्षेत्र के गांव तेजपाल की ठार विसारना में बीती रात शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया जब खाना खाते समय किसी बात को लेकर बारातियों और घरातियों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़कर गाली-गलौज और फिर मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। बाद में दोनों पक्षों के बीच पंचायत में समझौता हो गया।

जानकारी के अनुसार रामजीलाल पुत्र तेजपाल निवासी तेजपाल की ठार विसारना के परिवार में विवाह समारोह आयोजित था। उनकी पोती विनीता की शादी फिरोजाबाद जनपद के थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के गांव सोफीपुर निवासी श्रीनिवास पुत्र भूरी सिंह के साथ तय थी। बीती रात बारात धूमधाम से गांव पहुंची और परंपरागत स्वागत के बाद जनमासा की रस्म पूरी की गई। इसके बाद भोजन का कार्यक्रम चल रहा था।

इसी दौरान किसी बात को लेकर बारातियों और घरातियों में कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना में सोफीपुर निवासी लवकुश पुत्र विनोद, अशोक पुत्र रामप्रसाद और मोनी पुत्र प्रेम सिंह घायल हो गए।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।

मारपीट की घटना से आहत होकर दुल्हन विनीता ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत के लिए पंचायत बैठाई गई। पंचायत में आपसी सहमति के बाद समझौता कर लिया गया। समझौते के तहत दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को दिए गए आभूषण और अन्य सामान वापस कर दिए।

इसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। पूरे मामले में दोनों पक्षों ने थाना डौकी में आपसी समझौता पत्र भी दिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *