– खेरिया एयरपोर्ट पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भव्य स्वागत किया।
– डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने एलआईसी विस्तार और 90-100 करोड़ लोगों को बीमा कवरेज से जोड़ने पर दिया जोर
– राजदेवम ऑडिटोरियम में यूटा शिक्षक संगठन के अधिवेशन में पहुंचे डिप्टी सीएम
-रामबाग क्षेत्र में निषादराज-कश्यप जयंती समारोह में निषाद समाज की राम मंदिर आंदोलन में भूमिका बताते हुए
-रहनकला में निषादराज प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की।
आगरा। आगरा में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने खेरिया एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा स्वागत के बाद फतेहाबाद रोड स्थित होटल ग्रांड मरक्युर में आयोजित नेशनल फेडरेशन ऑफ इंश्योरेंस फील्ड वर्कर्स ऑफ इंडिया की 30वीं क्षेत्रीय आमसभा, राजदेवम ऑडिटोरियम में यूटा शिक्षक संगठन के प्रांतीय अधिवेशन के समापन समारोह तथा सम्राट अशोक व निषादराज जयंती कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बीमा क्षेत्र के विस्तार, सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों की समस्याओं, विकसित भारत 2047, राम मंदिर आंदोलन में निषाद समाज की भूमिका और सामाजिक विकास से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तृत संबोधन दिया।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का आगरा आगमन पर खेरिया एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी एवं अपर पुलिस आयुक्त रामबदन द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

इसके बाद वे फतेहाबाद रोड स्थित होटल ग्रांड मरक्युर पहुंचे, जहां नेशनल फेडरेशन ऑफ इंश्योरेंस फील्ड वर्कर्स ऑफ इंडिया, उत्तर मध्य क्षेत्र की 30वीं क्षेत्रीय आमसभा 2026 को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीमा पॉलिसी से जीएसटी समाप्त कर आम जनता और व्यापार दोनों को बड़ी राहत दी है, जिससे बीमा क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने एलआईसी को देश का सबसे बड़ा बीमा संगठन बताते हुए कहा कि आज भी 90 से 100 करोड़ लोग बीमा कवरेज से बाहर हैं, जिन्हें जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने विकास अधिकारियों से कहा कि वे गरीब परिवारों को बीमा सुरक्षा से जोड़ें और विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है और तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाना आसान नहीं होता, लेकिन जनता के आशीर्वाद से यह संभव हुआ। उन्होंने हाल की उपलब्धियों में अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 हटाना, उत्तराखंड व गुजरात में समान नागरिक संहिता लागू करना तथा कई राज्यों में भाजपा की जीत का उल्लेख किया।

इसके बाद वे फतेहाबाद रोड स्थित राजदेवम ऑडिटोरियम पहुंचे, जहां दो दिवसीय शिक्षक संगठन (यूटा) के प्रांतीय अधिवेशन के समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उन्हें बांके बिहारी जी की मूर्ति और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षकों की लगभग 80 प्रतिशत समस्याओं का समाधान कर दिया गया है और शेष 20 प्रतिशत समस्याओं का भी जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को भी सरकारी स्कूलों में पढ़ाएं, जिससे आम जनता को प्रेरणा मिलेगी और सरकारी स्कूलों के प्रति लोगों की धारणा बदलेगी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना शिक्षकों की जिम्मेदारी है और यह प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में वैज्ञानिकों ने थोरियम को परमाणु ऊर्जा में बदलने में सफलता प्राप्त की है, जिससे भारत ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने बताया कि सरकार ने 16 लाख से अधिक शिक्षकों, कर्मचारियों और रसोईयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई है, जो एक ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने शिक्षामित्रों का मानदेय 3 हजार रुपये से बढ़ाकर 10 हजार और बाद में 18 हजार रुपये करने तथा अनुदेशकों को 18 हजार रुपये दिए जाने का उल्लेख किया।
इसी क्रम में वे फतेहाबाद स्थित कामता प्रसाद भट्ठे वालों के मैदान में सम्राट अशोक महान जयंती महोत्सव, शोभायात्रा और जनसभा में पहुंचे, जहां उनका चांदी का मुकुट और बड़ी माला पहनाकर स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि सम्राट अशोक महान ने भारत को एकजुट करने का कार्य किया और मौर्य साम्राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने बताया कि नए संसद भवन के शिखर पर सम्राट अशोक की लाट स्थापित की गई है, जिसे उन्होंने ऐतिहासिक कदम बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा ज्योतिबा फुले पर लेख लिखकर उनके विचारों को आगे बढ़ाया है और भारत ने बौद्ध अवशेषों को कई देशों में भेजकर विश्व मंच पर अपनी सांस्कृतिक पहचान मजबूत की है। उन्होंने कहा कि 2047 में भारत चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक के सपनों जैसा विकसित राष्ट्र बनेगा।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधी दल दुष्प्रचार कर रहे हैं, जबकि भाजपा सरकार गरीबों, किसानों और युवाओं के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को सम्मान निधि, गरीबों को राशन, पेंशन, आवास और आयुष्मान योजना का लाभ मिल रहा है।
इसके बाद वे रामबाग स्थित कार्यक्रम में पहुंचे, जहां महाराज गुहराज निषाद और महर्षि कश्यप जयंती एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। वहां उनका गदा, तलवार और चित्र भेंट कर स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि निषादराज प्रयागराज की भूमि के प्रतीक हैं और राम मंदिर आंदोलन में निषाद समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिन्होंने राम भक्तों को नदियों के माध्यम से अयोध्या पहुंचाया था।
उन्होंने घोषणा की कि रहनकला में महाराज निषादराज की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों को सम्मान दे रही है और किसी के साथ भेदभाव नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने बाबा साहब का अपमान किया, जबकि भाजपा संविधान और आरक्षण की रक्षा कर रही है।
कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति, सांसद राजकुमार चाहर, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, विधायक जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, धर्मपाल सिंह, रानी पक्षालिका सिंह, चौधरी बाबूलाल, छोटेलाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाह, एमएलसी विजय शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

